Breaking News
  • Home
  • उत्तराखण्ड
  • भाजपा ने बढ़ाया महिलाओं का कष्ट, कांग्रेस सरकार देगी राहत: रावत

भाजपा ने बढ़ाया महिलाओं का कष्ट, कांग्रेस सरकार देगी राहत: रावत

By on December 4, 2021 0 262 Views

रामनगर। नवजात शिशु मृत्यु दर पर चिंता व्यक्त करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अपनी सरकार बनने पर महिलाओं को पोषित करने वाली योजनाओं को बढ़ावा दिए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि प्रति एक हज़ार पर 32 शिशुओं की मौत उनके लिए कष्टकारी है। पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के मुखिया हरीश रावत ने मालधन में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए महिलाओं की तकलीफों का खाका खींचते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं के कष्ट दुगुना कर दिया है। महंगाई के चलते महिलाएं अपनी रसोई में त्रस्त हैं तो जवान बेटे की बेरोजगारी उनकी रात की नींद उड़ाए हुए है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी व हरीश आर्य के संयुक्त संचालन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अपने संबोधन में कांग्रेस की सरकार बनने पर मालधन को विकसित बनाने का वायदा करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल की तमाम योजनाओं को भाजपा सरकार ने बन्द कर दिया है। एक बार फिर से हमें विकास की यात्रा शून्य से शुरू करनी पड़ेगी।मालधन मे विकास की संभावनाएं हैं। उनकी सरकार ने मालधन के विकास को तेजी से मुख्यधारा तक लाने की कोशिश की थी। लेकिन सरकार के तीन साल के कार्यकाल का आधा हिस्सा केदारनाथ आपदा की वजह अस्त-व्यस्त हुए प्रदेश को पटरी पर लाने में ही निकल गया। इस बार कांग्रेस की सरकार आने पर यहां खेती के विकास के साथ यहां उद्योग को बढ़ावा देकर मालधन को मॉडल रूप में विकसित किया जाएगा।
रावत ने कहा कि आज भाजपा नेहरू, अम्बेडकर, गांधी पर हमला कर देश के लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। लेकिन यदि स्वतंत्र भारत के इतिहास से इन्हें निकाल दिया जाएगा तो देश की आत्मा ही मर जाएगी। रावत ने कहा कि उनकी सरकार ने 18 प्रकार की पेंशन लागू की लेकिन भाजपा ने सब खत्म कर दी। महिलाओं के उत्थान के लिए सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों को सरकारी व गैरसरकारी सभी प्रकार की स्कूली ड्रेस बनाने का काम सौंपेगी। जिस डिग्री कॉलेज में लड़कियों की संख्या लड़को से अधिक होगी, उसे प्रोत्साहित किया जाएगा। सरकार बनने पर 200 रुपये प्रतिमाह कुकिंग गैस सब्सिडी व पहले साल 100 यूनिट तथा दूसरे साल से 200 यूनिट बिजली फ्री दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान हरीश आर्य ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की। इससे पूर्व जनसभा संबोधन व चौपाल के साथ रात्रि विश्राम के लिए मालधन गांव पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री का हेलीपैड पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी व महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा बिष्ट और पूर्व राज्यमंत्री पुष्कर दुर्गापाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष गोपाल सिंह अधिकारी क्षेत्र पंचायत सदस्य धीरेन्द्र सिंह चौहान महावीर सिंह रावत पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुमित लोहनी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य किशोर चंद्र सभासद तनुज दुर्गापाल पूर्व अध्यक्ष युवा कांग्रेस संजय बिष्ट मनोज जोशी, इंदरलाल, जयप्रकाश, सरस्वती आज़ाद, पीताम्बर, अनिल कुमार, अलका पाल, राहुल काण्डपाल, मुन्ना सिंह, पूर्व प्रमुख गुरमुख सिंह, त्रिलोक अधिकारी, कैलाश चन्द्र, रामपाल यादव, बसंत राणा, जितेन्द्र सरस्वती, हिमांशु जोशी, मोहन प्रसाद आदि मौजूद रहे।