October 30, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • उत्तरकाशी में बवाल और पत्थरबाजी करने वालों पर कार्रवाई, पुलिस ने जारी की फोटो

उत्तरकाशी में बवाल और पत्थरबाजी करने वालों पर कार्रवाई, पुलिस ने जारी की फोटो

By on October 30, 2024 0 625 Views

उत्तरकाशी में बवाल के बाद से पुलिस एक्शन में नजर आ रही है। बवाल के दौरान पत्थरबाजी करने वाले और स्टील की बोतल फेंकने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने इस संबंध में फोटो जारी करते हुए इस से संबंधित कोई भी जानकारी होने पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली और मनेरी के मोबाइल नंबरों पर सूचना देने की अपील की है।

24 अक्टूबर को उत्तरकाशी में मस्जिद हटाने को लेकर निकाली गई जनाक्रोश रैली में हुए बवाल के बाद से पुलिस लगातार इसमें संलिप्त लोगों पर कार्रवाई कर रही है। बता दें कि जनाक्रोश रैली के दौरान पुलिस पर कुछ लोगों ने पत्थरबाजी की थी तो कुछ लोगों ने स्टील की बोतल फेंकी थी। इसके बाद पुलिस ने भी बल प्रयोग किया था। पथराव में नौ पुलिसकर्मी सहित 27 लोग घायल हो गए थे।

अब पुलिस ने इस मामले में वीडियो व फोटोग्राफ खंगाल कर बोतल फेंकने वाले उपद्रवी की तस्वीर जारी की है। इसके साथ ही कुछ पत्थरबाजों की फोटो भी जारी की है। हालांकि ये तस्वीरें साफ नहीं है। फोटो जारी करने के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इन से संबंधित कोई जानकारी हो तो प्रभारी निरीक्षक कोतवाली और मनेरी के मोबाइल नंबरों पर दें। मामले में पुलिस ने आठ नामजद और 200 अज्ञात समेत 208 पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में तीन लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है।