वन्यजीव खबरों की रिपोर्टिंग को लेकर मीडिया कर्मियों की कार्यशाला
रामनगर | कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ओर से वन्यजीवों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग को लेकर मीडिया कर्मियों के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में वन्यजीवों से संबंधित घटनाओं की रिपोर्टिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और जिम्मेदार पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसी घटनाओं की रिपोर्टिंग करते समय अनावश्यक सनसनी से बचते हुए तथ्यों के आधार पर खबर प्रस्तुत की जानी चाहिए। घटना के कारणों और परिस्थितियों को भी खबर में शामिल किया जाए, ताकि लोगों में वन्यजीवों के प्रति भय या नफरत के बजाय संरक्षण और जागरूकता की भावना बढ़े।
कार्यशाला में वन्यजीवों के व्यवहार, संरक्षण, मानव-वन्यजीव संघर्ष और मीडिया की भूमिका से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने मीडिया से जिम्मेदार और संवेदनशील रिपोर्टिंग के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने की अपील की।

