पौड़ी में मुख्यमंत्री धामी ने दी ₹110.55 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, विज्ञान संग्रहालय और कंडोलिया महोत्सव का किया शुभारंभ
पौड़ी। Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को जनपद Pauri Garhwal के दौरे के दौरान जिला मुख्यालय स्थित डॉ. अंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया तथा रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद को ₹110.55 करोड़ की लागत वाली 19 विकास योजनाओं की सौगात देते हुए 14 योजनाओं का शिलान्यास एवं 5 योजनाओं का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने विज्ञान संग्रहालय का निरीक्षण कर वहां स्थापित विज्ञान, अंतरिक्ष, ऊर्जा, पर्यावरण एवं तकनीकी नवाचारों से जुड़े इंटरएक्टिव मॉडल और आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों का अवलोकन किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उन्हें वैज्ञानिक प्रदर्शनों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संग्रहालय केवल प्रदर्शनी स्थल नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं के लिए आधुनिक विज्ञान शिक्षण एवं नवाचार केंद्र के रूप में कार्य करेगा, जहां बच्चे प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने कंडोलिया मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और कंडोलिया पौड़ी महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कंडोलिया महोत्सव को सरकारी कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कंडोलिया महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि लगभग ₹110 करोड़ की लागत से शुरू की गई विकास परियोजनाएं क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ जनसामान्य के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि Narendra Modi के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने चारधाम यात्रा, हाउस ऑफ हिमालय, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, मिलेट मिशन, नई पर्यटन एवं फिल्म नीति, स्वरोजगार तथा होमस्टे योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार पहाड़ के अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
युवाओं के हितों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है तथा पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।
इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी, दलीप सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पं. राजेंद्र अण्थवाल, जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

