September 7, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर बैठक, सुरक्षा और सुविधाओं पर दिया जोर

वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर बैठक, सुरक्षा और सुविधाओं पर दिया जोर

By on September 7, 2026 0 4 Views

हल्द्वानी। वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान को लेकर सोमवार को नगर निगम सभागार में वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन वर्मा और अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने की।

बैठक में उपाध्यक्ष नवीन वर्मा ने कहा कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। सुरक्षा, स्वास्थ्य, बैंकों में वरीयता, सुरक्षित फुटपाथ और सुगम आवागमन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है।

अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और समस्याओं के समाधान के लिए विभागवार समय-सीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण हो सके।

बैठक में वरिष्ठ नागरिकों ने सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्था मजबूत करने, बीट पुलिस की नियमित विजिट, पुलिस विभाग में नोडल अधिकारी की तैनाती, शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने, सुगम आवागमन के साथ सार्वजनिक स्वच्छता और शौचालय व्यवस्था बेहतर करने की मांग रखी। इसके अलावा जिला प्रशासन से वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने का भी आग्रह किया गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें। उन्होंने बताया कि जिन वरिष्ठ नागरिकों के बच्चे बाहर रहते हैं और वे घर पर अकेले रहते हैं, उन्हें संबंधित थाने में अपना नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कराना चाहिए। किसी भी आपात स्थिति में 112 पुलिस हेल्पलाइन की मदद ली जा सकती है।

बैठक में वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के अध्यक्ष भुवन भाष्कर पांडे, डी.के. पांडे, एसडीएम मोनिका, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट सहित स्वास्थ्य, समाज कल्याण, नगर निगम, पेयजल और विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।