November 1, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • IAS अफसर विवाद मामले में बुरे फंसे बॉबी पंवार, पुलिस ने जारी किया नोटिस, 24 घंटे के भीतर दर्ज होंगे बयान

IAS अफसर विवाद मामले में बुरे फंसे बॉबी पंवार, पुलिस ने जारी किया नोटिस, 24 घंटे के भीतर दर्ज होंगे बयान

By on November 9, 2024 0 715 Views

देहरादून: आईएएस अधिकारी मीनाक्षी सुंदरम से दुर्व्यवहार मामले में बॉबी पंवार बुरे फंस गए हैं. इसी कड़ी में जांच अधिकारी ने बॉबी पंवार को नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर अपना बयान दर्ज करने के लिए कहा है. खास बात ये है कि बॉबी पंवार ने सोशल मीडिया पर नोटिस को सार्वजनिक करते हुए खुद इस बात की जानकारी दी है.

बॉबी पंवार को दर्ज कराना होगा बयान

दरअसल, धारा चौकी के उप निरीक्षक हर्ष अरोड़ा ने बॉबी पवार के नाम नोटिस जारी करते हुए उन्हें थाने में आने के लिए कहा है, ताकि उनके बयान लिए जा सके. नोटिस में 9 नवंबर 2024 को थाना कोतवाली नगर में उपस्थित होने के लिए कहा गया है. इस दौरान ये भी स्पष्ट किया गया है कि यदि बॉबी पंवार अपना पक्ष रखने के लिए थाने में नहीं पहुंचते हैं तो मामले में उनके पक्ष नहीं रखने की इच्छा मानते हुए वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

बॉबी पंवार ने सोशल मीडिया पर लिखी ये बात

सोशल मीडिया पर बॉबी पंवार ने लिखा है कि इस पूरे प्रकरण में यदि सही बात FIR में दर्ज करवाई होती तो उन्हें बयान देने की जरूरत नहीं पड़ती. बॉबी पंवार ने ये भी लिखा कि अधिकारी के केबिन में मौजूद सीसीटीवी कैमरा घटनाक्रम का गवाह है और इस वीडियो को जारी किया जाना चाहिए.

बॉबी पंवार समेत अन्य लोगों पर अभद्रता का आरोप

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बॉबी पंवार समेत अन्य लोगों पर सचिवालय में आईएएस अधिकारी आर मीनाक्षी सुंदरम के कक्ष में घुसकर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगा है. इतना ही नहीं उनके स्टाफ से मारपीट का भी आरोप है. मामले में ऊर्जा सचिव आईएएस आर मीनाक्षी सुंदरम ने आरोप लगाया है कि बीती 6 नवंबर को बॉबी पंवार समेत 3 युवकों ने सचिवालय में ऊर्जा सचिव के कार्यालय में घुसकर उनके साथ दुर्व्यवहार किया. साथ ही उनके निजी सचिवों के साथ भी धक्का मुक्की की है.

बॉबी पंवार दे चुके सफाई

उधर, दूसरी तरफ मामले में बॉबी पंवार ने भी फेसबुक लाइव करके सफाई दी. बॉबी पंवार का कहना था कि वो ऊर्जा सचिव मीनाक्षी सुंदरम से एमडी यूपीसीएल अनिल यादव को सेवा विस्तार देने के संबंध में आदेश की कॉपी मांगने गए थे, लेकिन उनसे गलत शब्दों में बात की गई. इतना ही नहीं बॉबी ने अपनी सफाई ये भी कहा था कि उन्होंने एक महीने पहले एमडी यूपीसीएल अनिल यादव के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के तमाम सबूत ऊर्जा सचिव को दिए थे, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की. बल्कि, एमडी यूपीसीएल अनिल यादव को सेवा विस्तार दे दिया.

आज सचिवालय के कर्मचारियों ने किया आधे दिन का कार्य बहिष्कार

वहीं, मामले ने तूल पकड़ा तो सचिवालय संघ ने आधे दिन का कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया. इसके साथ आईएएस एसोसिएशन भी मामले में सामने आ गया है. सचिव दिलीप जावलकर के हस्ताक्षर से जारी पत्र में बॉबी पंवार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई. साथ ही आईएएस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को ज्ञापन सौंपा.