- Home
- उत्तराखण्ड
- स्टार प्रचारकों के मामले मे उत्तराखंड मे BJP न0 1, जानिये कैसे…
स्टार प्रचारकों के मामले मे उत्तराखंड मे BJP न0 1, जानिये कैसे…
देहरादून : मिशन-2022 में जुटी भाजपा ने विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकने से पहले उत्तराखंड में स्टार वार पर फोकस कर दिया है। पार्टी स्टार वार के मामले मे नंबर 1 पर है । स्टार प्रचारको के जरिए प्रत्याशियों के लिए मुफीद माहौल तैयार करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दून में हुई रैली के बाद अब बुधवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शहीद सम्मान यात्रा के समापन पर दून पहुंच रहे हैं। वे सैन्यधाम में रैली को संबोधित भी करेंगे। 16 या 17 दिसंबर को पार्टी गढ़वाल मंडल के लिए सुझाव पेटिका एलईडी रथ यात्रा रवाना करेगी।
18 दिसंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हरिद्वार से विजय संकल्प यात्रा का बिगुल फूंकेंगे। भाजपा 30 दिसंबर तक अन्य कई केंद्रीय नेताओं के कार्यक्रम बना रही है। इनमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, स्मृति ईरानी, हेमा मालिनी हैं। इन सभी से उपलब्धता के लिए समय मांगा जा रहा है। पार्टी ने केंद्रीय नेताओं की सभाएं ऐसे क्षेत्रों में कराने की निर्णय लिया है, जहां से दो-तीन विधानसभा क्षेत्र कवर हो सकें।
मोदी की सभा की तिथि में हो सकता है परिवर्तन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 24 दिसंबर को हल्द्वानी या रुद्रपुर में प्रस्तावित जनसभा की तिथि में फेरबदल भी हो सकता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि प्रदेश संगठन ने 24 दिसंबर की तिथि मांगी है, लेकिन इसमें संशोधन होने की भी उम्मीद है। दो-तीन दिन पीछे की तिथि भी मिल सकती है। बहरहाल, पार्टी ने रैली की सफलता के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
तीन राज्यों से भी पहुंचेंगे कार्यकर्ता
चुनाव में समन्वय के काम के लिए तीन राज्यों के वरिष्ठ कार्यकर्ता भी पहुंच रहे हैं। प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने बताया कि दिल्ली, हिप्र और हरियाणा के डेढ़ सौ से ज्यादा कार्यकर्ताओं को 16 दिसंबर को हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में बैठक होने जा रही है। इनमें प्रत्येक जिले में दो-दो वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को संयोजक व सह संयोजक की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके अलावा सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में दो-दो संयोजक व सह संयोजक तैनात होंगे। ये सभी मतदान होने तक पार्टी प्रत्याशियों और संगठन से तालमेल का काम करेंगे।
भाजपा का अभी सिर्फ विजय संकल्प यात्रा पर फोकस है। ये यात्राएं राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगी और राज्य व केंद्र सरकारों के विकास कार्यों के बल पर जनता से आर्शीवाद मांगेंगे। इन यात्राओं के दौरान कई नेता भी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

