हरदा का हाल जानने जौलीग्रांट हॉस्पिटल पहुंचे CM धामी, रावत तीन दिन पहले बाजपुर में सड़क हादसे में हुए थे घायल
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार 27 अक्टूबर को हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट पहुंचे, जहां उन्होंने हॉस्पिटल में भर्ती उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का हालचाल जाना. हरीश रावत बुधवार रात से हॉस्पिटल में भर्ती हैं. हरीश रावत को मंगलवार रात का उधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में एक्सीडेंट हो गया था. जिसके बाद से ही उनकी कमर और गर्दन में काफी दर्द है. इस कारण उन्हें देहरादून के हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट में भर्ती कराया गया था.
शुक्रवार 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने चेन्नई दौरे से वापस उत्तराखंड लौटे हैं. जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सीधे हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट गए. उन्होंने हरीश रावत का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
बता दें कि बीते दिनों हरीश रावत कुमाऊं के दौरे पर थे. इस दौरान मंगलवार 25 अक्टूबर रात को हरीश रावत की कार उधमसिंह नगर जिले के बाजपुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी. इस हादसे में हरीश रावत और कार में उनके साथ बैठे अन्य लोग घायल हो गए थे. सभी को पास के हॉस्पिटल में ले जाया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे गई थी, सभी को मामूली चोटें आई थी.
इस हादसे के बाद गुरुवार 26 अक्टूबर को हरीश रावत भी देहरादून अपने आवास पर आ गए थे. लेकिन गुरुवार शाम को अचानक उनकी कमर और गर्दन में काफी तेज दर्द होने लगा, जिसके बाद उन्हें हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट देहरादून में भर्ती कराया गया था. बीते दो दिनों से जौलीग्रांट हॉस्पिटल में हरीश रावत का इलाच चल रहा है. उनकी स्थिति अब पहले से बेहतर है.

