October 31, 2026
Breaking News
  • Home
  • देश विदेश
  • ड्रीम इलेवन पर टीम बनाकर सब इंस्पेक्टर ने जीते डेढ़ करोड़, अब पुलिस ने दिए जांच के आदेश, डिप्टी CM तक पहुंचा मामला…

ड्रीम इलेवन पर टीम बनाकर सब इंस्पेक्टर ने जीते डेढ़ करोड़, अब पुलिस ने दिए जांच के आदेश, डिप्टी CM तक पहुंचा मामला…

By on October 13, 2023 0 651 Views

पुणे: महाराष्ट्र के पुणे में पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस कमिश्नरेट में तैनात सब इंस्पेक्टर सोमनाथ झेंडे ने ड्रीम इलेवन (dream11) एप पर टीम बनाई थी. किस्मत से उनकी टीम रैंक-1 पर रही और सोमनाथ डेढ़ करोड़ रुपये जीत गए. इतनी बड़ी रकम जीतने के बाद सोमनाथ ने मीडिया के सामने अपनी खुशी का इजहार किया. जब यह मामला सुर्खियों में आया तो खबर पुलिस महकमे तक पहुंची और अफसरों ने मामले की जांच के आदेश दे दिए. अब इस मामले की शिकायत सरकार तक पहुंच गई है.

जानकारी के अनुसार, सब इंस्पेक्टर सोमनाथ झेंडे ने बताया था कि वे बीते करीब 2-3 महीने से ड्रीम इलेवन (dream eleven) पर टीम बनाकर फैंटेसी क्रिकेट (fantasy game) में किस्मत आजमा रहे थे. इसी बीच बांग्लादेश और इंग्लैंड के बीच हुए मैच में तीन टीमें बनाकर किस्मत आजमाई. इसमें सोमनाथ की दूसरी टीम रैंक वन पर रही. जब सोमनाथ ने मोबाइल पर देखा कि उनकी टीम पहले नंबर पर है और वे डेढ़ करोड़ रुपये जीत चुके हैं, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा.

सब इंस्पेक्टर सोमनाथ के डेढ़ करोड़ रुपये जीतने का मामला अब पुलिस महकमे के साथ ही सरकार तक पहुंच चुका है. पुलिस अफसर इस मामले की जांच कर रहे हैं कि किसी सरकारी अधिकारी को इस तरह के गेम खेलने की इजाजत होती है या नहीं. पुलिस उपायुक्त स्वप्ना गोरे को सोमनाथ के मामले की जांच सौंपी गई है.

इस मामले को लेकर सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) सतीश माने ने कहा कि जांच के बाद जो भी सामने आएगा, उसके आधार पर पुलिस उप निरीक्षक सोमनाथ झेंडे के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. एसीपी ने यह भी कहा कि जांच के बाद ही ये तय होगा कि कार्रवाई की जाए अथवा नहीं.

डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस तक पहुंचा मामला

इस मामले में भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेता अमोल थोरात ने सीधे महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) से शिकायत की है, उन्होंने सब इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर डाली. थोरात का आरोप है कि सब इंस्पेक्टर सोमनाथ झेंडे ने पुलिस की वर्दी में ऑन-ड्यूटी ऑनलाइन गेमिंग से पैसे कमाए. इसके बाद वर्दी में ही मीडिया के सामने आए और युवाओं को भी इस तरह के गेम खेलने को लेकर प्रोत्साहित किया.