October 29, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • गणेश गोदियाल का बयान, जनता का ध्यान भटकाने के लिए UCC ला रही सरकार, केदारनाथ उपचुनाव में कांग्रेस मजबूत

गणेश गोदियाल का बयान, जनता का ध्यान भटकाने के लिए UCC ला रही सरकार, केदारनाथ उपचुनाव में कांग्रेस मजबूत

By on October 24, 2024 0 505 Views

श्रीनगर: उत्तराखंड की धामी सरकार प्रदेश में जल्द ही यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने वाली है. ऐसे में कांग्रेस ने धामी सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है. एक तरफ जहां बीजेपी यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही है तो वहीं कांग्रेस का कहना है कि सरकार पलायन, बदहाल शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए यूसीसी लाकर अपनी पीठ खुद थपथपा रही है.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने यूसीसी को लेकर सीएम धामी व बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा. गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार मुख्य मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए यूसीसी लेकर आई है. सरकार को यूसीसी कानून की पूरी जानकारी जनता से साझा करनी चाहिए. यूसीसी कानून लागू होने के बाद कांग्रेस इस बारे में अपने विचार रखेगी.

वहीं, केदारनाथ उपचुनाव में भी गणेश गोदियाल ने कांग्रेस की जीत का दावा किया है. गणेश गोदियाल ने कहा कि बदरीनाथ और मंगलौर की तरह केदारनाथ विधानसभा सीट भी कांग्रेस की झोली में आएगी, जिसके लिए पार्टी पूरे दमखम से चुनाव लड़ेगी.

गणेश गोदियाल ने कहा कि हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में केदारनाथ विधानसभा सीट में कांग्रेस के वोटों का ग्राफ बढ़ा है. कांग्रेस किसी योग्य उम्मीदवार को ही केदारनाथ उपचुनाव में टिकट देगी और पार्टी के सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी उसे जीताने में जीजान से जुटेंगे.

वहीं त्रिस्तरीय चुनावों को तय समय पर नहीं किए जाने पर भी गणेश गोदियाल ने सरकार के लपेटा. गणेश गोदियाल का आरोप है कि सरकार जान बूझकर चुनाव प्रक्रिया में देरी कर रही है. गणेश गोदियाल ने कहा कि केदारनाथ उपचुनाव में हरियाणा के साथ ही होना था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.