- Home
- उत्तराखण्ड
- BJP संकल्प दिवस के रूप में मनाएगी सीएम धामी का जन्मदिन – महेंद्र भट्ट
![](https://devbhumisamay.in/wp-content/uploads/2022/09/ert_Easy-Resize.com_-1.jpg)
BJP संकल्प दिवस के रूप में मनाएगी सीएम धामी का जन्मदिन – महेंद्र भट्ट
देहरादून: भाजपा मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का जन्मदिन 16 सितंबर को प्रदेशभर में संकल्प दिवस के रूप में मनाएगी। वहीं, अगले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा पखवाड़ा के तहत मनाते हुए रचनात्मक कार्यक्रम किए जाएंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता कर यह जानकारी दी। भट्ट ने बताया कि सीएम धामी और प्रधानमंत्री मोदी, राज्य के 25 साल पूरे होने तक उत्तराखंड को अग्रणी प्रदेश बनाने के विजन के साथ जुटे हैं। उनके कार्यों से जनता के मन में भी राज्य के नई ऊंचाई पर पहुंचने का विश्वास कायम हुआ है। उन्होंने कहा कि सरलीकरण, समाधान से संतुष्टि हो या सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास, भ्रष्टाचार मुक्त राज्य का सपना, सख्त भू-कानून, यूनिफार्म सिविल कोड और जनकल्याणकारी योजनाएं, ये सभी मुद्दे सीएम धामी की पहचान बन गए हैं। भट्ट ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी बनाना, यूकेएसएसएससी की रिक्तियों को लोक सेवा आयोग से पूर्ण कराना, पुलिस ग्रेडपे का समाधान निकालने पर संगठन भी सीएम को धन्यवाद ज्ञापित करेगा।
दो अक्तूबर को गोष्ठी और खादी को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सबसे अच्छे कार्यक्रम करने वाले पांच जिलों को पुरस्कृत करेंगे। इस दौरान प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, विनोद सुयाल, विपिन कैंथोला, कमलेश उनियाल, कौस्तुभानंद जोशी भी मौजूद रहे।
महिला मोर्चा दीपोत्सव मनाएगा
भाजपा महिला मोर्चा मुख्यमंत्री का जन्मदिन दीपोत्सव के रूप में मनाएगा। धामी के 48वें वर्ष में प्रवेश करने के मौके पर धार्मिक स्थलों और गंगा किनारे 48-48 दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल ने सभी संगठनात्मक जिलों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं।