September 13, 2026
Breaking News

सतपाल महाराज ने लगाई ऐसी फटकार, डॉक्टर देखते रह गये

By on September 25, 2021 0 410 Views

कोटद्वार: सतपुली पहुंचे कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने और हाजिरी रजिस्टर में गड़बड़ी करने पर डॉक्टरों की जमकर क्लास ली। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों को जमकर खरी-खोटी सुनाई।

देखिये मंत्री जी का गुस्सा और डॉक्टरों की चुप्पी

प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री व चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज इस दौरान खासे गुस्से में दिखाई दिए। डॉक्टरों के ड्यूटी से गायब रहने पर सतपाल महाराज ने कहा कि मरीज परेशान रहते हैं, क्या इसीलिए अलग उत्तराखंड का बनाया था। इस दौरान कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक सतपाल महाराज ने संयुक्त चिकित्सालय सतपुली में ड्यूटी में लापरवाही बरतने और उपस्थिति रजिस्टर में गड़बड़ी करने के लिए चिकित्सकों को जमकर लताड़ लगाई।

महाराज ने चौबट्टाखाल को दी करोड़ों की सौगात 

वहीं सतपाल महाराज ने शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर अपने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। कैबिनेट मंत्री ने संयुक्त चिकित्सालय सतपुली में 19 लाख 70 हजार रुपये की लागत से ओएनजीसी, सीएसआर मद से ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड सीएसआर मद से 20 लाख 71 हजार नौ सौ नवासी की लागत की अल्ट्रासाउंड मशीन और विधायक निधि से 5 लाख की धनराशि से किये गए कार्यों का लोकार्पण किया।

महाराज ने राज्य सेक्टर (नाबार्ड) के अंतर्गत विकासखंड एकेश्वर के पूर्वी नयार नदी पर मत्स्य पालन केंद्र सतपुली की सुरक्षा दीवार हेतु 2 करोड़ 74 लाख 54 हजार की बाढ़ सुरक्षा योजना, विकासखंड कल्जीखाल के अंतर्गत ज्वाल्पा में पश्चिमी नयार नदी पर 1 करोड़ 4 लाख 57 हजार की लागत की बाढ़ सुरक्षा योजना और विकासखंड द्वारीखाल के तहत राजकीय कन्या विद्यालय सतपुली की सुरक्षा हेतु 1 करोड़ 25 लाख 64 हजार की बाढ़ सुरक्षा योजना का शिलान्यास किया।

उन्होंने एकेश्वर मोटर मार्ग के पिटकुल के निकट से ग्राम नौगांव के लिए 70 हजार रुपये की विधायक निधि से निर्मित संपर्क मार्ग एवं राजकीय महाविद्यालय चौबट्टाखाल के लिए संपर्क मार्ग का भी लोकार्पण किया। इस मौके पर सरपंच पातीराम, जिन्होंने 1.50  किलोमीटर की सड़क काटी उन्हें भी कैबिनेट मंत्री ने सम्मानित किया।