October 27, 2026
Breaking News
  • Home
  • कारोबार
  • अल्मोड़ा में हुआ सीएम धामी का ढोल नगाड़ों से स्वागत, धामी ने जनसभा के दौरान कसा विपक्षी दलों पर तंज

अल्मोड़ा में हुआ सीएम धामी का ढोल नगाड़ों से स्वागत, धामी ने जनसभा के दौरान कसा विपक्षी दलों पर तंज

By on March 23, 2024 0 818 Views

अल्मोड़ा: सीएम पुष्कर सिंह धामी अपने एक दिवसीय दौरे पर अल्मोड़ा पहुंचे हैं। सीएम धामी ने अल्मोड़ा पहुंचकर जनसभा की। यहां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका फूलमालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी को देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री के रूप में मोदी पहली बार पिथौरागढ़ के गुंजी, आदि कैलाश, अल्मोड़ा के जागेश्वर पहुंचे। उनके यहां पहुंचने से पर्यटक कारोबार को गति मिली है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष ने ना केवल वोट बैंक की राजनीति की है बल्कि वंशवाद, जातिवाद को बढ़ावा दिया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विश्व की पांचवी अर्थव्यवस्था बना है। उनके अगले कार्यकाल में देश तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा, यह तय है। कहा यही कारण है कि देश में विपक्ष के नेता भाजपा की सदस्यता ले रहे हैं। हालात यह है कि विपक्ष के महागठबंधन को खोजने से भी प्रधानमंत्री के रूप में दूसरा चेहरा नहीं मिल पा रहा है।

उत्तराखंड में अन्य दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाजपा की सदस्यता ली है। हालात यह हैं कि बाहर से पार्टी में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक होने पर प्रदेश अध्यक्ष को सदस्यता अभियान पर ब्रेक लगाना पड़ा है। उन्होंने कहा सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर इस बार अल्मोड़ा लोकसभा सीट पर प्रत्याशी अजय टम्टा को भारी मतों से विजयी बनाकर प्रधानमंत्री मोदी के हाथों को मजबूत करना होगा। जनसभा में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, सौरभ बहुगुणा सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।

इसके साथ ही सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हाल ही में हमने राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं को समान अधिकार दिलाने का काम किया है। जिस तरह गंगा उत्तराखंड से निकलती है और पूरे देश को जल और जीवन देने का काम करती है, उसी तरह यूसीसी देश के अन्य राज्यों को रास्ता दिखाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा सीट से अजय टम्टा के नामांकन दाखिल करने के बाद उनसे मुलाकात की और शुभकामनाएं दी।