September 28, 2026
Breaking News

घर जा रहे जेलकर्मी की सड़क हादसे में मौत

By on August 26, 2023 0 592 Views

रामनगर। नैनीताल स्थित जेल से वाया रामनगर अपने घर जा रहे जेकर्मी की बाइक पर रामनगर के निकट एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मारकर जेलकर्मी को घायल कर दिया। इलाज के लिए अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने जेलकर्मी को मृत घोषित कर दिया । जेलकर्मी शनिवार की रात रामनगर में अपने बड़े भाई के घर रुकने के बाद रविवार सुबह अपने घर मानिला (अल्मोड़ा) जाने वाला था। जेलकर्मी की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक अल्मोड़ा जिले के एडाकोट गांव मानिला निवासी चंद्रशेखर सिंह (28 वर्ष) पुत्र हरी सिंह नैनीताल जेल में बंदीरक्षक के पद पर तैनात था। शनिवार की शाम को वह अपनी यामाहा एफ जैड बाइक संख्या यूके 04 एबी 5540 से रामनगर की ओर आ रहा था। लेकिन रामनगर से महज पांच किलोमीटर की दूरी पर बैलगढ़ नाले के पास से एक अज्ञात ट्रक जेलकर्मी की बाइक में टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। हादसे में जेलकर्मी बुरी तरह से घायल हो गया। जिसे तत्काल इलाज के लिए रामनगर अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के भाई कृतेश सिंह के मुताबिक उसका भाई अविवाहित था। वह नैनीताल से रामनगर में बड़े भाई बलवंत सिंह निवासी भरतपुरी के पास आ रहा था। रात में वह रामनगर रूकने के बाद रविवार सुबह अपने घर एडकोट मानिला जिला अल्मोड़ा जाने वाला था। लेकिन इस सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। मामले में कोतवाली के इंस्पेक्टर अरुण कुमार सैनी का कहना है कि टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश के लिए पुलिस टीम लगी है। मृतक के शव का पंचनामा कर उसका पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों की सुपुर्दगी में दिया गया है। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।