- Home
- कॉर्बेट नेशनल पार्क
- मीट की दुकानों पर देहरादून नगर निगम की छापेमारी, 7 दुकानों को नोटिस, 16,500 रुपये का चालान
मीट की दुकानों पर देहरादून नगर निगम की छापेमारी, 7 दुकानों को नोटिस, 16,500 रुपये का चालान
देहरादून। नगर निगम के पशु चिकित्सा अनुभाग की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मीट की दुकानों का निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों में साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। नियमों का पालन नहीं करने पर सात दुकानदारों को करीब 80 हजार रुपये के नोटिस जारी किए गए। संबंधित दुकानदारों को आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र और दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है।
अभियान के दौरान एक दुकान पर 16,500 रुपये का नगद चालान किया गया, जबकि एक अन्य दुकान से मुर्गा जब्त किया गया। तीन दुकानों से प्रतिबंधित पॉलिथीन भी बरामद की गई।
निरीक्षण के दौरान एक दुकान में मुर्गे बेहद अस्वच्छ और दयनीय स्थिति में पाए गए। कुछ मृत मुर्गे भी मिले। इस पर दुकानदार को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और मुर्गों को स्वच्छ एवं उचित परिस्थितियों में रखने के सख्त निर्देश दिए गए।
वहीं, एक दुकान संचालक निरीक्षण टीम के पहुंचने पर मौके से फरार हो गया। दुकान में सड़ा हुआ भैंस का मांस अथवा संरक्षित पशु का मांस होने की संभावना जताई गई है। टीम ने दुकान पर नोटिस चस्पा कर निर्धारित समय में आवश्यक दस्तावेज और अनापत्ति प्रमाण पत्र के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि तीन दिन के भीतर दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजा जाएगा।
निरीक्षण अभियान वरिष्ठ पशु चिकित्सा अनुभाग अधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में सूरज, पिल्ला सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

