October 28, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • 26 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे गृह मंत्री अमित शाह, जानिए क्या है कार्यक्रम?

26 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे गृह मंत्री अमित शाह, जानिए क्या है कार्यक्रम?

By on April 19, 2025 0 313 Views

देहरादून: आगामी 26 अप्रैल को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है. अमित शाह देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके साथ ही वो सहकारिता विभाग की भी समीक्षा बैठक लेंगे. केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए.

दरअसल, सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने गुरुवार को विधानसभा स्थित सभाकक्ष में सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक ली. बैठक में मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे को लेकर सभी तैयारियां पुख्ता रखने के निर्देश दिए. अपने दौरे के दौरान अमित शाह देहरादून स्थित एफआरआई (FRI) प्रेक्षागृह में भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड के कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे. इसके बाद उत्तराखंड सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक लेंगे.

बैठक में पेश की जाएगी रिपोर्ट

सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक में विभाग की ओर से राज्य में चलाई जा रही तमाम सहकारी योजनाओं, सहकारी बैंकों और समितियों की स्थिति समेत विभाग की ओर से किए गए नए कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी. बैठक में खासकर पैक्स समितियों के कम्प्यूटरीकरण, आधुनिक अन्न भंडारण, जन औषधि केंद्र, ऑर्गेनिक बोर्ड, सहकार से समृद्धि योजना के सफल संचालन के बारे में रिपोर्ट पेश की जाएगी.

मंत्री धन सिंह ने बताया कि विभाग में किए गए नए कामों, सहकारी बोर्डों और समितियों में महिलाओं को 33 फीसदी प्रतिनिधित्व, सहकारी बैंकों की महिला शाखाओं की स्थापना, माधो सिंह भंडारी सामूहिक खेती योजना, घस्यारी कल्याण योजना, प्रगतिशील किसानों का विभिन्न राज्यों में अध्ययन भ्रमण, एफपीओ के गठन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना समेत पैक्स कैडर सेवा नियमावली बनाए जाने समेत तमाम योजनाओं की जानकारी प्रस्तुतिकरण के जरिए केंद्रीय सहकारिता मंत्री के समक्ष रखी जाएगी.