October 17, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • सीएम धामी की संवेदनशील पहल: 8 वर्षीय देव के इलाज का खर्च उठाएगी सरकार, तत्काल एमआरआई के निर्देश

सीएम धामी की संवेदनशील पहल: 8 वर्षीय देव के इलाज का खर्च उठाएगी सरकार, तत्काल एमआरआई के निर्देश

By on September 1, 2026 0 43 Views

देहरादून। सीएम धामी की संवेदनशील पहल: 8 वर्षीय देव के इलाज का खर्च उठाएगी सरकार, तत्काल एमआरआई के निर्देश
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशील पहल से लोहियाहेड निवासी रवि शर्मा के 8 वर्षीय पुत्र देव के उपचार की राह आसान हुई है। मुख्यमंत्री ने बच्चे के समुचित उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और इलाज में आने वाले खर्च को वहन करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, गत दिवस मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोहियाहेड में स्थानीय व्यवसायी रवि शर्मा की दुकान पर पहुंचे थे। इस दौरान रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री को अपने 8 वर्षीय बेटे देव की गंभीर बीमारी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देव बचपन से ही गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहा है और उसके हाथ-पैर काम नहीं करते हैं। बच्चे का लंबे समय से उपचार चल रहा है और देहरादून के इंद्रेश अस्पताल में भी उसका इलाज कराया जा चुका है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सोमवार देर शाम जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी और उपजिलाधिकारी तुषार सैनी समेत चिकित्सकों की टीम रवि शर्मा के लोहियाहेड स्थित आवास पहुंची।
चिकित्सकों ने बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही उसके पूर्व उपचार और मेडिकल हिस्ट्री की जानकारी ली। बच्चे की वर्तमान स्थिति का आकलन करने के बाद चिकित्सकों ने आगे के उपचार के लिए सबसे पहले एमआरआई जांच कराने की सलाह दी। जांच रिपोर्ट के आधार पर उपचार की अगली प्रक्रिया तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बच्चे की एमआरआई जांच तत्काल कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि बच्चे और उसके अभिभावकों को जिला चिकित्सालय तक ले जाने के लिए प्रशासन की ओर से वाहन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे के बेहतर उपचार के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री की इस मानवीय पहल से देव के परिवार को बेहतर उपचार की उम्मीद जगी है। परिवार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए उनकी संवेदनशील पहल के लिए धन्यवाद दिया।