Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • मुनस्यारी पहुंचे राज्यपाल, आईटीबीपी जवानों का बढ़ाया उत्साह सीमा सुरक्षा में तैनात वीर जवानों के समर्पण और राष्ट्रसेवा की सराहना

मुनस्यारी पहुंचे राज्यपाल, आईटीबीपी जवानों का बढ़ाया उत्साह सीमा सुरक्षा में तैनात वीर जवानों के समर्पण और राष्ट्रसेवा की सराहना

By on June 7, 2026 0 12 Views

मुनस्यारी। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने सोमवार को मुनस्यारी स्थित भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 14वीं वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने सीमांत क्षेत्रों की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, नागरिक सहयोग तथा राष्ट्र सेवा में आईटीबीपी के योगदान की सराहना की।

राज्यपाल ने कहा कि मुनस्यारी आकर आईटीबीपी के वीर जवानों, अधिकारियों और उनके परिवारों से मिलना उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जिस उच्च मनोबल, समर्पण और अनुशासन के साथ जवान देश की सीमाओं की सुरक्षा कर रहे हैं, वह पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि जवानों का अटूट कर्तव्यबोध और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण देश का गौरव है। कठिन मौसम और विषम परिस्थितियों के बावजूद उनकी मुस्तैदी और प्रतिबद्धता राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा को दर्शाती है। राज्यपाल ने कहा कि पूरे देश को अपने सुरक्षा बलों पर गर्व है।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और यहां की गौरवशाली सैन्य परंपरा देश की अमूल्य धरोहर है। सैनिक का जीवन केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का सर्वोच्च संकल्प है। देश के नागरिकों की सुरक्षा, विकास और समृद्धि जवानों की सतत सजगता, साहस और त्याग पर आधारित है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने आईटीबीपी की 14वीं वाहिनी द्वारा सीमा सुरक्षा, रेस्क्यू अभियानों, लॉन्ग रेंज पेट्रोलिंग, हिमाद्री अभियान तथा ‘वाइब्रेंट विलेज’ जैसी महत्वपूर्ण पहलों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों एवं जवानों को बधाई दी।