October 31, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • हाथरस में सत्संग के दौरान भगदड़ में 116 से ज्यादा लोगों की मौत, सीएम धामी ने जताया दुख

हाथरस में सत्संग के दौरान भगदड़ में 116 से ज्यादा लोगों की मौत, सीएम धामी ने जताया दुख

By on July 3, 2024 0 567 Views

देहरादून: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के रतिभानपुर में सत्संग के दौरान मची भगदड़ में कई लोगों की जान चली गई है. जबकि, कई लोग घायल हो गए. इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है. सीएम धामी ने घटना को अत्यंत हृदय विदारक बताया है. साथ ही दिवंगतों के आत्मा की शांति और घायलों के स्वास्थ्य लाभ की कामना की है.

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के हाथरथ जिले के सिकंदराराऊ थाना कोतवाली के अंतर्गत रतिभानपुर के फुलराई गांव में भोले बाबा का सत्संग चल रहा था. जहां सत्संग समाप्त होने के बाद भीड़ बाहर निकलने लगी, लेकिन तभी अचानक से भगदड़ मच गई. भगदड़ मचने से महिलाएं और बच्चे बुरी तरह कुचल गए. जिससे घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई.

इस भगदड़ में 100 से ज्यादा श्रद्धालुओं की मरने की आशंका है. हादसे के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ में डेड बॉडी के आने का सिलसिला जारी है. वहीं, घायलों को एटा मेडिकल कॉलेज भी भेजा गया है. मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं. उधर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पल-पल की जानकारी ले रहे हैं.

वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताया है. उन्होंने अपने एक्स पर लिखा है ‘हाथरस के रतिभानपुर में सत्संग के समापन के दौरान भगदड़ मचने से बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है. ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें. ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.‘