October 26, 2026
Breaking News
  • Home
  • देश विदेश
  • झारखंड मे टूटी सड़क का अनोखा विरोध: गंदे पानी मे नहाने लगी कांग्रेस विधायक दीपिका पांडे, उत्तराखंड कांग्रेस की सह प्रभारी रह चुकी हैं दीपिका, देखें VIDEO

झारखंड मे टूटी सड़क का अनोखा विरोध: गंदे पानी मे नहाने लगी कांग्रेस विधायक दीपिका पांडे, उत्तराखंड कांग्रेस की सह प्रभारी रह चुकी हैं दीपिका, देखें VIDEO

By on September 21, 2022 0 255 Views

रांची: आपने देश में कई जगहों पर विरोध विरोध प्रदर्शन देखा होगा, लेकिन क्या आपने विरोध करते हुए किसी महिला को बीच सड़क पर बैठकर गंदे पानी से नहाते देखा है? झारखंड की महागामा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक दीपिका पांडे सिंह ने सड़कों की खराब स्थिति को लेकर विरोध प्रदर्शन का अनोखा तरीका अपनाया. विधायक दीपिका पांडे विरोध जताने के लिए ना सिर्फ बीच सड़क पर बैठीं बल्कि सड़क पर जमे गंदे पानी से नहाने भी लगीं. इस अनोखे विरोध प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. महागामा विधानसभा के अंतर्गत पड़ने वाले नेशनल हाइवे 133 पर मेहरमा-पिरोजपुर, सिंधु कान्हू चौक पर सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है. सड़क की स्थिति खराब होने की वजह से आए दिन कोई न कोई दुर्घटना होती ही रहती है. बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद अब तक इस सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई. बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं किए जाने से नाराज महिला कांग्रेस विधायक सड़क पर उतर गई और अनोखे तरीके से उसी सड़क पर जमे दो से ढाई फीट गंदे पानी में बैठकर नहाने लगीं.

 

मुझे जनता ने काम करने के लिए चुना है, जुमलेबाजी करने के लिए नहीं- विधायक

अपने इस अनोखे विरोध प्रदर्शन को लेकर विधायक दीपिका पांडे सिंह ने कहा, ”आप लोग कंफ्यूज मत हो. यह कोई गंगाजल या नदी नहीं है, जहां मैं स्नान कर रही हूं, बल्कि यह नेशनल हाईवे की सड़क है, जो तालाब में तब्दील हो गई है. जब तक सड़क बनने के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक में यहीं धरने पर बैठूंगी. मुझे जनता ने भरोसे के साथ अपने प्रतिनिधि के रूप में चुना है. मुझे जनता ने काम करने के लिए चुना है ना की जुमलेबाजी करने के लिए.”

विधायक दीपिका पांडे सिंह के समर्थन में कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने कहा, ”महागामा की यह सड़क गोड्डा लोकसभा सीट के अंतर्गत पड़ती है. लेकिन गोड्डा के बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे सिर्फ ट्वीट करके राज्य सरकार को अस्थिर करने की कोशिश करते हैं. वह कम से कम एक ट्वीट तो परिवहन मंत्री नितिन गडकरी जी को कर दें.” उन्होंने कहा, ”बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे का जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है, उन्हें तो केवल ट्वीट कर राज्य सरकार को अस्थिर करना है .”

उत्तराखंड कांग्रेस की सह प्रभारी रह चुकी हैं दीपिका

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव मे कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर झारखंड की विधायक दीपिका पांडे सिंह को उत्तराखंड का सह प्रभारी नियुक्त किया गया था । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी पत्र में कहा गया था कि दीपिका पांडे सह प्रभारी राजेश धर्माणी के साथ और प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव के साथ उत्तराखंड कांग्रेस को मजबूत करने में अपना योगदान देंगी। लेकिन बीते विधानसभा चुनाव मे कांग्रेस को सिर्फ 19 सीटों पर संतोष करना पड़ा था जिसके बाद दीपिका पांडे ने उत्तराखंड मे हुई कांग्रेस की हार का खुद को जिम्मेदार ठहराया था।