एएनओ की नियुक्ति की मांग को लेकर, एबीवीपी ने खोला मोर्चा
कालाढुंगी।(शाकिर हुसैन)आदर्श विद्यालय राजकीय इंटर कालेज कोटाबाग में एनसीसी प्रभारी की स्थाई नियुक्ति की मांग को लेकर एबीवीपी कोटाबाग ने मोर्चा खोल दिया है। कल विद्यालय में सांकेतिक धरना दिया गया एवं बाद में सभी छात्र छात्राओं के सहयोग से तालाबंदी भी की गई।
आदर्श विद्यालय राजकीय इंटर कॉलेज कोटाबाग में एनसीसी कई वर्षों से संचालित है। कोटाबाग क्षेत्र के अधिकतर युवा, जिन्हें फौज में जाने का जुनून है, एनसीसी के कारण, उन सभी की फौज में जाने की राह आसान हो जाती है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चंद्रप्रकाश सनवाल ने बताया कि स्थाई एनसीसी प्रभारी के ना होने के कारण छात्र छात्राओं को कई सारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस संदर्भ में कहीं बाहर खंड शिक्षा अधिकारी उप शिक्षा अधिकारी महोदय को भी अवगत कराया जा चुका है परंतु कोई कार्यवाही नहीं हुई है। आज पुनः हमने मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल को भी इस संदर्भ में ज्ञापन भेजा है। अतः यदि शीघ्र अतिशीघ्र विद्यालय में स्थाई एनसीसी प्रभारी की नियुक्ति नहीं की गई तो एबीवीपी को उग्र आंदोलन को बाध्य होना पड़ेगा।
इस दौरान पूर्व नगर अध्यक्ष कमल बोहरा, नगर मंत्री हेमंत सिंह कपकोटी, समाजसेवी प्रदीप अरोरा, पूर्व विश्वविद्यालय प्रतिनिधि ललित मोहन जोशी, युवा भाजपा नेता टीकम बधानी, व्यापार मंडल सचिव योगेश कुमार समेत विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

