October 31, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • ‘विदेशी धरती पर भारत का अपमान करती है कांग्रेस, टुकड़े-टुकड़े गैंग और अर्बन नक्सल चलातें हैं पार्टी’, वर्धा में बोले PM मोदी

‘विदेशी धरती पर भारत का अपमान करती है कांग्रेस, टुकड़े-टुकड़े गैंग और अर्बन नक्सल चलातें हैं पार्टी’, वर्धा में बोले PM मोदी

By on September 20, 2024 0 449 Views

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर कई गंभीर आरोप लगाए। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नेता विदेशी धरती पर भारत का अपमान करते हैं। पीएम मोदी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के हालिया अमेरिकी दौरे के दौरान केंद्र सरकार की आलोचना करने वाले भाषण के लिए अप्रत्यक्ष रूप से उनपर हमला किया।

कांग्रेस में देशभक्ति की भावना मर चुकी- पीएम मोदी

महाराष्ट्र के वर्धा जिले में एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा, ‘आज की कांग्रेस में देशभक्ति की भावना मर चुकी है। आज की कांग्रेस में नफरत का भूत घुस चुका है। विदेशी धरती पर कांग्रेस के लोगों की भाषा देखिए, उनका देश विरोधी एजेंडा, समाज को तोड़ने की बातें, देश की संस्कृति का अपमान, ये वो कांग्रेस है जिसे ‘टुकड़े टुकड़े गैंग’ और ‘अर्बन नक्सल’ के लोग चला रहे हैं।’

कांग्रेस का मतलब झूठ, धोखा और बेइमानी- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि इन्हें गणेश पूजा से भी दिक्कत है। हमने देखा कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार ने कैसे गणेश की मूर्ति को पुलिस वैन में रखा है। पीएम मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस का मतलब झूठ, धोखा और बेईमानी है। उन्होंने तेलंगाना में किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था, लेकिन अब किसान अपना कर्ज माफ करवाने के लिए भटक रहे हैं। आज वो पुरानी कांग्रेस नहीं रही। आज अगर देश में सबसे बेईमान और भ्रष्ट पार्टी कोई है, तो वो कांग्रेस पार्टी है। अगर देश में सबसे भ्रष्ट परिवार कोई है, तो वो कांग्रेस का राजपरिवार है।’

कांग्रेस है दलित विरोधी

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर जानबूझकर कमजोर समूहों को आगे नहीं बढ़ने देने का भी आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने इस पिछड़ा विरोधी सोच को खत्म कर दिया। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने जानबूझकर एससी, एसटी और ओबीसी लोगों को आगे नहीं बढ़ने दिया। हमने सरकारी सिस्टम से कांग्रेस की इस दलित विरोधी और पिछड़ा विरोधी सोच को खत्म कर दिया है। पिछले साल के आंकड़े बताते हैं कि एससी, एसटी और ओबीसी समुदाय विश्वकर्मा योजना का लाभ उठा रहे हैं।’

MVA ने किसानों को दुर्दशा में धकेला

पीएम मोदी ने कहा, ‘अगर पिछली सरकारों ने विश्वकर्मा भाइयों का ध्यान रखा होता, तो इस समाज की कितनी बड़ी सेवा हुई होती।’ इसके साथ ही पीएम मोदी ने महाराष्ट्र की पिछली महा विकास अघाड़ी सरकार पर भी निशाना साधा।’  पीएम मोदी ने एमवीए पर कपास किसानों को दुर्दशा में धकेलने का आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र में दशकों तक कांग्रेस और बाद में महा विकास अघाड़ी सरकार ने कपास को महाराष्ट्र के किसानों की ताकत बनाने के बजाय उन्हें दुर्दशा में धकेला, किसानों के नाम पर राजनीति की और भ्रष्टाचार में लिप्त रही है।