जस्सागांजा में एक ही दिन दो घरों में चोरी, ग्राम प्रधान ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की
रामनगर। ग्राम सभा जस्सागांजा में 13 सितंबर को एक ही दिन दो अलग-अलग घरों में चोरी की घटनाएं सामने आने से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल है। दोनों पीड़ित परिवारों की ओर से रामनगर कोतवाली में चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई है।
ग्राम प्रधान हेम चन्द्र ने पुलिस से दोनों मामलों की तत्काल जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि मामलों में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है तो नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर पीड़ितों को उसकी प्रति उपलब्ध कराई जाए।
ग्राम प्रधान ने घटनास्थल का निरीक्षण करने, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच करने के साथ ही चोरी हुए सामान की बरामदगी और आरोपियों की पहचान के लिए शीघ्र पुलिस कार्रवाई की मांग की है।

इसके अलावा ग्राम सभा में रात्रि गश्त और दोनों पीड़ित परिवारों को जांच की प्रगति से अवगत कराने का भी अनुरोध किया गया है। ग्राम प्रधान ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई कर ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने की अपील की है।

