भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में 597 पदाधिकारी होंगे शामिल, नितिन नबीन करेंगे संबोधित, प्रदेश प्रभारी की गैरमौजूदगी पर उठ रहे सवाल…
हल्द्वानी। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज बुधवार को होगी, जिसमें प्रदेशभर से 597 पदाधिकारी शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शाम को बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। बैठक में विकसित उत्तराखंड के रोडमैप, प्रदेश के राजनीतिक हालात और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का मंत्र देने के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में मार्गदर्शन करेंगे। उनका युवाओं, विशेष रूप से नई पीढ़ी के साथ संवाद का कार्यक्रम भी है। इसके अलावा वे पूर्व सैनिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और रुद्रपुर में सिख समाज के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
प्रदेश प्रभारी की गैरमौजूदगी चर्चा में
प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक से पहले भाजपा संगठन में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। इसके साथ ही प्रदेश में महामंत्री संगठन का पद भी फिलहाल रिक्त है। ऐसे में प्रदेश प्रभारी और महामंत्री संगठन दोनों की गैरमौजूदगी में होने वाली कार्यसमिति की बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हैं।
बैठक में अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए किस तरह की रणनीति तैयार करती है और संगठन को चुनावी मोड में लाने के लिए क्या दिशा-निर्देश दिए जाते हैं।

