Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • रामनगर महाविद्यालय में सिविल सर्विसेज कोचिंग का सफलतापूर्वक समापन

रामनगर महाविद्यालय में सिविल सर्विसेज कोचिंग का सफलतापूर्वक समापन

By on May 5, 2026 0 17 Views

रामनगर।पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अनुसूचित जाति के अभ्यर्थियों हेतु उत्तराखंड समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रायोजित भारतीय प्रशासनिक सेवा (सिविल सर्विसेज) प्रारंभिक परीक्षा के त्रैमासिक पाठ्यक्रम का समापन हो चुका है। केन्द्र प्रभारी डॉ.नरेश कुमार ने बताया कि महाविद्यालय में कोचिंग कक्षाओं का संचालन 1 जनवरी 2026 से किया जा रहा था। कोचिंग कक्षा हेतु पंजीकृत 50 छात्र छात्राओं को कुल 240 व्याख्यानों में बाह्य एवं आंतरिक रिसोर्स पर्सन के द्वारा प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण अवधि में प्रारंभिक परीक्षा से संबंधित सभी विषयों की विभिन्न इकाइयों को गंभीरता से तैयार कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर एम.सी. पाण्डे के किया गया। अतिथि रिसोर्स पर्सन के रूप में कविता अग्रवाल रही। कार्यक्रम का संचालन एवं रूपरेखा कोचिंग के समन्वयक डॉ. नरेश कुमार ने प्रस्तुत की।इस दौरान अध्ययनकाल में परीक्षा की तैयारी के साथ-साथ विद्यार्थियों के मूल्यांकन व प्रोत्साहन हेतु समय-समय पर तैयारी के दौरान लिए गए मॉक टेस्ट में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान पर रहे छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर कोचिंग कक्षाओं के दौरान उपस्थिति में टॉप रहे 10 छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। कोचिंग हेतु दिल्ली के विभिन्न प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थाओं के विषय विशेषज्ञों को आमंत्रित कर व्याख्यान आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त राज्य के विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के अनुभवी विषय विशेषज्ञ प्राध्यापकों द्वारा कक्षाओं के संचालन हेतु आमंत्रित किया गया था। समापन समारोह के दौरान महाविद्यालय के कोचिंग स्टडी सेंटर द्वारा छात्र-छात्राओं को स्टडी मैटेरियल का भी निशुल्क वितरण किया गया। इस अवसर पर कोचिंग संचालन में सहयोगी की भूमिका में आनंद बल्लभ रिखाड़ी, डॉ.सुमन कुमार, डॉ.पी सी पालीवाल, मोहन सिंह नेगी और कोचिंग में पंजीकृत सभी छात्र छात्राएं उपस्थित रहे। समापन समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य एवं कोचिंग संस्थान के समन्वयक द्वारा छात्र-छात्राओं को आगामी यूपीएससी परीक्षा हेतु शुभकामनाएं देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।