युवक समेत दो स्मैक तस्कर गिरफ्तार
रुद्रपुर। बरेली के युवक समेत दो तस्करों को पुलिस ने उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह स्मैक लेकर रुद्रपुर सप्लाई करने आए। पुलिस ने उनसे सात ग्राम स्मैक भी बरामद किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। कोतवाल बिजेंद्र शाह ने बताया कि रविवार रात को कोतवाली पुलिस क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी बीच सूचना मिली कि बाइक सवार दो युवक स्मैक लेकर काशीपुर बाइपास रोड होते हुए गावा चैक की ओर जा रहे हैं। सूचना पर बाजार चैकी प्रभारी पूरण सिंह पुलिस टीम के साथ काशीपुर बाइपास रोड पर चेकिंग करने लगे। पुलिस को देख बाइक सवार दो युवक वापस मुड़ने लगे। यह देख पुलिस कर्मियों ने उनका पीछा कर दबोच लिया। तलाशी में बाइक सवार युवकों के पास से पुलिस को सात ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में उन्होंने अपना नाम ग्राम चैथरा, थाना भोजीपुरा, बरेली निवासी प्रवेश कुमार पुत्र कल्याण राम और एनडीटी बलडोटी, अल्मोड़ा निवासी लोकेश मेहता पुत्र हरीश सिंह मेहता बताया। बाद में पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाल बिजेंद्र शाह ने बताया कि प्रवेश कुमार बरेली से स्मैक अल्मोड़ा निवासी लोकेश मेहता को सप्लाई करने के लिए रुद्रपुर आया हुआ था। माल मिलने के बाद प्रवेश उसे छोड़ने काशीपुर रोड की ओर जा रहा था, इसी बीच पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। बताया कि दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।

