October 28, 2026
Breaking News
  • Home
  • कॉर्बेट नेशनल पार्क
  • गौरीकुंड हेली क्रैश में BKTC सदस्य की मृत्यु, सतपाल महाराज और बीकेटीसी ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण, जांच कराने की बात

गौरीकुंड हेली क्रैश में BKTC सदस्य की मृत्यु, सतपाल महाराज और बीकेटीसी ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण, जांच कराने की बात

By on June 16, 2025 0 239 Views

देहरादून: प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने केदारनाथ से गुप्तकाशी लौट रहे हेलीकॉप्टर हादसे को बेहद चिंताजनक एवं दुर्भाग्यपूर्ण बताया. साथ ही उन्होंने सभी मृतकों के प्रति गहरी संवेदना एवं दुःख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सरकार इस हादसे की जांच कराएगी. बता दें कि, आज सुबह हुए इस हेली हादसे में पायलट सहित 7 लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में बीकेटीसी के कर्मचारी विक्रम रावत भी शामिल हैं.

वहीं, बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने भी हादसे पर दुख जताया है. कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए सरकार के स्तर पर कदम उठाए जा रहे हैं.

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार सुबह केदारनाथ से गुप्तकाशी लौट रहे हेलीकॉप्टर हादसे पर सभी मृतकों के प्रति गहरी संवेदना एवं दुःख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर रेस्क्यू में जुटे रहे. उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया में दुर्घटना का कारण मौसम की खराबी रहा है, लेकिन सरकार इसकी जांच कराएगी और हादसे के कारणों का पता लगाएगी. वहीं बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने भी हादसे पर दुख जताया है.

वहीं हेलीकॉप्टर हादसे पर पौड़ी गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने भी दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि बाबा केदारनाथ से प्रार्थना है कि हादसे में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह असह्य पीड़ा सहन करने की शक्ति प्रदान करें. बता दें कि हेलीकॉप्टर हादसे में सात लोगों की मौत हुई है.