Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी में सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

मुख्यमंत्री धामी ने हल्द्वानी में सुनी जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

By on May 25, 2026 0 4 Views

हल्द्वानी। Pushkar Singh Dhami ने रविवार को जनपद नैनीताल के भ्रमण के दौरान हल्द्वानी-काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आम जनता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं संतुष्टिपरक समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आम जनता को त्वरित राहत पहुंचाने को कहा।

जनसुनवाई के दौरान पेयजल आपूर्ति, ग्रामीण सड़कों की खराब स्थिति, विद्युत आपूर्ति एवं सिंचाई संबंधी शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। मुख्यमंत्री ने पेयजल निगम को ग्रीष्मकाल को देखते हुए

आवश्यकतानुसार टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा खराब नलकूपों एवं हैंडपंपों को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने तथा विद्युत विभाग को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रामसिंह केड़ा, विधायक सरिता आर्य, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।