उत्तराखण्ड में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित, 1.27 लाख युवाओं को मिला रोजगार – मुख्यमंत्री धामी
उत्तराखण्ड को आध्यात्मिक पहचान के साथ-साथ देश की प्रमुख आर्थिक और औद्योगिक शक्ति के रूप में स्थापित करना राज्य सरकार का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के होटल ताज मसूरी में आयोजित EEPC India के 56वें उत्तरी क्षेत्रीय निर्यात उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में यह बात कही। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों और निर्यातकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे 1 लाख 27 हजार से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। वहीं उत्तराखण्ड से निर्यात का आंकड़ा भी वर्ष 2017-18 के 10 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 13 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है।
वीओ-1:
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड औद्योगिक विकास के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार का प्रयास है कि औद्योगिक विकास का लाभ केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित न रहे, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों तक भी पहुंचे। इसी उद्देश्य से राज्य में मेगा इंडस्ट्रियल एंड इन्वेस्टमेंट पॉलिसी, एमएसएमई नीति और स्टार्टअप नीति लागू की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उधमसिंह नगर के खुरपिया में करीब 1,100 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इससे 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आने और लगभग 25 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। वहीं प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से 26 विभागों की 206 से अधिक ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
वीओ-2:
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए ‘एक जनपद-दो उत्पाद’ योजना और ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से 5 लाख ग्रामीण परिवारों को जोड़ना है। मुख्यमंत्री के अनुसार, यह ब्रांड अब तक 6 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर चुका है।
उन्होंने कहा कि नीति आयोग के एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 में हिमालयी एवं पर्वतीय राज्यों की श्रेणी में उत्तराखण्ड ने देश में पहला स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री ने उद्योग जगत से प्रदेश में निवेश और नए उद्योग स्थापित करने का आह्वान करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार उद्योगों के लिए नियामक नहीं, बल्कि सहयोगी और सारथी बनकर हर कदम पर उद्यमियों के साथ खड़ी रहेगी।
समापन:
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखण्ड को ऐसा राज्य बनाना है, जहां युवाओं के लिए रोजगार के अवसर हों, उद्यमियों को निवेश के लिए बेहतर माहौल मिले और प्रदेश आर्थिक विकास की नई ऊंचाइयां हासिल करे। कार्यक्रम में EEPC India के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज चड्डा, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि, उद्यमी और निर्यातक मौजूद रहे।

