October 27, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • ‘यही केरोसिन है…चांद पर जाने की बातें हो या…’, मुजफ्फरनगर में टीचर की शर्मनाक हरकत पर बोले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, देखें Viral विडियो

‘यही केरोसिन है…चांद पर जाने की बातें हो या…’, मुजफ्फरनगर में टीचर की शर्मनाक हरकत पर बोले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, देखें Viral विडियो

By on August 26, 2023 0 647 Views

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक प्राइवेट स्कूल की टीचर तृप्ता त्यागी का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें टीचर क्लास में एक बच्चे को बाकी बच्चों से पिटवा रही है. दावा किया जा रहा है कि जिस बच्चे को बाकी छात्र थप्पड़ मार रहे हैं, वो मुस्लिम है. वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस प्रतिक्रिया दी है.

मामले में राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (ट्वीट) करते हुए कहा, “मासूम बच्चों के मन में भेदभाव का जहर घोलना और स्कूल जैसे पवित्र स्थान को नफरत का बाजार बनाना-एक शिक्षक देश के लिए इससे बुरा कुछ नहीं कर सकता. यह BJP का फैलाया वही केरोसिन है, जिसने भारत के कोने-कोने में आग लगा रखी है.” उन्होंने आगे कहा कि बच्चे भारत का भविष्य हैं. उनको नफरत नहीं, हम सबको मिल कर मोहब्बत सिखानी है.

नफरत तरक्की की सबसे बड़ी दुश्मन – प्रियंका गांधी

वहीं, वीडियो को लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को कैसा क्लासरूम, कैसा समाज देना चाहते हैं? जहां चांद पर जाने की तकनीक की बातें हों या नफरत की चहारदीवारी खड़ी करने वाली बातें. विकल्प एकदम स्पष्ट है. नफरत तरक्की की सबसे बड़ी दुश्मन है. हमें एकजुट होकर इस नफरत के खिलाफ बोलना होगा- अपने देश के लिए, तरक्की के लिए, आने वाली पीढ़ियों के लिए.”

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने दिया कार्रवाई का निर्देश

मामले में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष प्रियंका कानूनगो ने कहा कि उत्तरप्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक शिक्षिका द्वारा कक्षा में बच्चे को अन्य बच्चों से पिटवाए जाने की घटना की जानकारी मिली है. संज्ञान लेकर कार्रवाई के लिए निर्देश जारी किए जा रहे हैं. सभी से निवेदन है कि बच्चे का वीडियो शेयर न करें. इस तरह की घटना की जानकारी ईमेल द्वारा दें. बच्चों की पहचान उजागर कर अपराध के भागी न बनें.

पुलिस ने की पुष्टि

मामले में पुलिस ने कहा कि थानाक्षेत्र मंसूरपुर के ग्राम खुब्बापुर के स्कूल में अध्यापिका द्वारा एक छात्र द्वारा टेबल याद न करने पर कक्षा के अन्य छात्रों से पिटाई कराने का मामला सामने आया है. पुलिस ने वीडियो की जांच की है. इसके साथ ही वीडियो बनाने वाले शख्स ने टीचर द्वारा आपत्तिजनक टिप्पणी की पुष्टि भी की है.