October 30, 2026
Breaking News
  • Home
  • देश विदेश
  • युवक ने पहले वोट डालने का वीडियो बनाया, फिर सोशल मीडिया पर कर दिया वायरल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

युवक ने पहले वोट डालने का वीडियो बनाया, फिर सोशल मीडिया पर कर दिया वायरल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

By on April 20, 2024 0 1022 Views

रुद्रपुर: उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव को लेकर वोटिंग हो रही है, लेकिन कुछ लोग अपनी ओछी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं. ऐसा ही एक मामला उधमसिंह नगर के कुंडा थाना क्षेत्र से सामने आया है. यहां एक युवक ने वोट कास्ट करने के दौरान वीडियो बना लिया, फिर उसे सोशल मीडिया में भी वायरल कर दिया. उधर, वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी युवक को तत्काल गिरफ्तार कर लिया. अब पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है.

दरअसल, उधमसिंह नगर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने लोकसभा चुनाव के दौरान वोट डालते हुए एक वीडियो बना लिया. जिसके बाद युवक ने आनन-फानन में उस वीडियो को सोशल मीडिया अकाउंट पर भी अपलोड कर दिया. जैसे ही इसकी जानकारी पुलिस टीम को लगी, वैसे ही कुंडा थाना पुलिस हरकत में आई और युवक को हिरासत में ले लिया.

पुलिस ने आरोपी युवक के मताधिकार के संबंध में सोशल मीडिया पर डाले वीडियो को डिलीट करा दिया. साथ ही पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई. जिसके खिलाफ अब पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है. उधर, निर्वाचन अधिकारी और पुलिस ने लोगों से सख्त हिदायत देते हुए इस तरह के कृत्य न करने की अपील की है.

बता दें कि आज उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव को लेकर मतदान हो रहा है. जिसके तहत 83 लाख से ज्यादा वोटर 55 प्रत्याशियों के भाग्य को तय करने के लिए वोट डाल रहे हैं. सुबह से ही लोग वोट डालने के लिए लाइन में लगे हैं. कुछ जगहों पर मतदान बहिष्कार की खबरें भी आ रही है तो कहीं पर नया जीवन शुरू करने से पहले दूल्हा और दुल्हन भी वोट डालने पहुंच रहे हैं.