Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • पोखरी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का यूकेडी ने किया घेराव, कर्णप्रयाग घटना और बदहाल सड़कों पर किया हंगामा

पोखरी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का यूकेडी ने किया घेराव, कर्णप्रयाग घटना और बदहाल सड़कों पर किया हंगामा

By on June 20, 2026 0 1 Views

चमोली। कर्णप्रयाग में सिख यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच हुई हिंसक घटना तथा पोखरी क्षेत्र की बदहाल सड़क व्यवस्था को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। मोहनखाल में हुए इस विरोध प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी हुई।

यूकेडी नेता बीरू सजवाण के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कर्णप्रयाग हिंसक घटना और क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा। बीरू सजवाण ने कहा कि कर्णप्रयाग में स्थानीय लोगों पर धारदार हथियारों से हमला हुआ है, ऐसे में सरकार को पूरे मामले पर स्पष्ट स्थिति रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता सड़क, सुरक्षा और सम्मान जैसे बुनियादी मुद्दों पर जवाब चाहती है और सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

यूकेडी नेताओं का दावा है कि प्रतिनिधिमंडल केवल क्षेत्रीय समस्याओं और कर्णप्रयाग की घटना को लेकर अपनी बात रखने पहुंचा था। कार्यकर्ताओं के अनुसार बातचीत के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कथित तौर पर कहा, पहले चुनाव लड़ो, जीतो और तब विकास करो।” इस कथित टिप्पणी पर यूकेडी कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई और विरोध दर्ज कराया।

यूकेडी नेताओं ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है, इसलिए कानून व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर सरकार की जिम्मेदारी बनती है। उनका आरोप है कि जनता के सवालों का जवाब देने के बजाय सरकार के प्रतिनिधि असहज हो रहे हैं।

प्रदर्शन में केंद्रीय महामंत्री सुबोध बिष्ट, जिला महामंत्री भारत सिंह कुंवर, जिला मीडिया प्रभारी राजेश्वरी बर्त्वाल, युवा अध्यक्ष पोखरी लक्ष्मण नेगी, धर्मेंद्र फरस्वाण, गिरीश नेगी, बबिता देवी, सपना देवी, दमयंती देवी समेत कई कार्यकर्ता शामिल रहे।

यूकेडी ने कर्णप्रयाग हिंसक घटना में निष्पक्ष कार्रवाई और पोखरी क्षेत्र की सड़क समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले कर्णप्रयाग विवाद को लेकर सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार पर रोक लगाने की मांग की थी।