October 31, 2026
Breaking News
  • Home
  • देश विदेश
  • दहशत मे दुखेड़ी गाँव के लोग! ‘वो’ रात में आता है, बेड तक पहुंच जाता है…पकड़ने दौड़ें तो हो जाता है गायब; पहरा देने वाले बोले- श्मसान में घुसते दिखा, देखें CCTV

दहशत मे दुखेड़ी गाँव के लोग! ‘वो’ रात में आता है, बेड तक पहुंच जाता है…पकड़ने दौड़ें तो हो जाता है गायब; पहरा देने वाले बोले- श्मसान में घुसते दिखा, देखें CCTV

By on November 8, 2023 0 829 Views

अंबाला: अंबाला के दुखेड़ी गांव में इन दिनों दहशत का माहौल बना हुआ है. आधी रात के बाद एक शख्स सफेद धोती-कुर्ता पहने और सिर पर लोहे के जाल का हेलमेट लगा नंगे पांव गांव में घुसता है और घर में सो रही महिलाओं पर वार करता है. यह हरकत करने से पहले शख्स मंदिर और खेड़े में दिया जलाकर पूजा करता है और फिर लोगों के घरों में घुसकर महिलाओं पर वार करता है. साथ ही लोगों की आंखों के सामने ही गायब हो जाता है. गांव में दहशत फैलाने वाले इस शख्स की तस्वीर चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. फिलहाल पूरे गांव में डर का माहौल है. ग्रामीणों ने अब पहरा लगाना शुरू कर दिया है.

गांव के ही जगदीश सिंह ने बताया कि उसका घर गांव के कॉर्नर पर है और उसने घर के पास बने श्मशान घाट में उस व्यक्ति को घुसते देखा. ग्रामीणों ने उसका पीछा किया. लेकिन श्मसान की झाड़ियों में कहां गायब हो गया? पता ही नहीं चला. इससे गांववाले काफी चिंतित हैं. हमलावर शख्स किसी के पकड़ में नहीं आ रहा.

देखें Video:-

पहरा देने के बाद भी पकड़ नहीं आ रहा

गांव के सरपंच राजकरण सिंह का कहना है कि 26 अक्टूबर की रात को वही शख्स गांव में घुसा और एक घर में घुस गया. जैसे ही घरवालों ने शोर मचाया तो वो वहां से भाग गया और दूसरे घर में घुस गया. वहां पर शोर शराबा हुआ तो वहां से भी गायब हो गया और तीसरे घर में जा घुसा और घर की लाइट बंद कर दी. महिला की चारपाई पर बैठ गया. महिला ने आवाज लगाई तो पति की नींद खुल गई और हंगामा मचने पर वहां से भी भाग गया.

फिर 28 अक्टूबर को वही आदमी गांव के पुराने डाकघर के पास राजा पुत्र जमेर सिंह के घर में घुस गया और घर की लाइट बंद कर दी और बेड पर सो रही महिला की कमर पर वार किया.इस हमले में महिला जख्मी हो गई और जैसे ही महिला चिल्लाई तो उसका पति नींद से जाग गया और फिर वह व्यक्ति मौके से फरार हो गया.

दहशत के चलते फिलहाल गांव के नौजवान पहरा लगा रहे हैं और पुलिस को भी इस बारे में जानकारी दी गई है. गांव में हर चौक-चौराहे पर सीसीटीवी लगे हुए हैं. कैमरों में अनजान शख्स की  तस्वीरें कैद हो गई हैं. Video में देखा गया कि अनजान शख्स धोती-कुर्ता और सिर पर लोहे की जाली का हेलमेट पहनकर गांव में घुसता है.