Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर भड़के स्वास्थ्य मंत्री, सीएमएस को लगाई फटकार

जिला अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर भड़के स्वास्थ्य मंत्री, सीएमएस को लगाई फटकार

By on May 19, 2026 0 14 Views

हरिद्वार। उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने हरिद्वार जिला अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान खराब सफाई व्यवस्था और अव्यवस्थाओं पर गहरी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान मंत्री का पारा इतना चढ़ गया कि उन्होंने सीएमएस डॉ. आरवी सिंह को जमकर फटकार लगा दी।

स्वास्थ्य मंत्री सोमवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने हरिद्वार पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने बिना पूर्व सूचना के जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने से डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर, वॉशरूम और अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति देखकर मंत्री नाराज हो गए। उन्होंने सीएमएस से कहा, “क्या हालत हैं आपके वॉशरूम की? सफाई करने में क्या दिक्कत है? अस्पताल कम और कूड़ाघर ज्यादा लग रहा है।”

मंत्री ने अस्पताल में स्वच्छता, रखरखाव और मरीजों की सुविधाओं में मिली कमियों पर अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी और गैरसरकारी अस्पतालों में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और अस्पतालों में नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।

बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल हाल के दिनों में लगातार अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं और व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दे रहे हैं।