बिजली बिलिंग और मीटर संबंधी समस्याओं पर उठी आवाज, ईई को सौंपा ज्ञापन
रामनगर। रामनगर क्षेत्र में विद्युत उपभोक्ताओं की बिलिंग, मीटर और कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं को लेकर अधिवक्ता फैज़ुल हक ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में अधिक एवं गलत बिलिंग, पुराने मीटर के स्थान पर पोर्टल या विभागीय रिकॉर्ड में किसी अन्य स्मार्ट मीटर का विवरण दर्ज होने, मीटर और कनेक्शन संबंधी विसंगतियों तथा बिल जमा करने के बावजूद भुगतान रिकॉर्ड समय पर अपडेट नहीं होने जैसे मुद्दे उठाए गए।
अधिवक्ता फैज़ुल हक ने मांग की कि उपभोक्ताओं की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए मीटर संख्या, कनेक्शन संख्या, स्मार्ट मीटर विवरण, वास्तविक विद्युत खपत और बिलिंग रिकॉर्ड का सत्यापन कराया जाए। साथ ही, गलतियां मिलने पर तत्काल सुधार और लंबित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को सही बिल, सही मीटर विवरण और समयबद्ध शिकायत निवारण की सुविधा मिलनी चाहिए। यदि समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरती गई, तो उपभोक्ताओं के वैधानिक अधिकारों के संरक्षण के लिए सक्षम वैधानिक एवं न्यायिक मंच पर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान प्रदेश सचिव युवा कांग्रेस सुमित लोहानी, अधिवक्ता दीप्ति खुल्बे, हाजी जुल्फिकार कुरैशी, नूर खान, रहीस सैफी, नवदीप शर्मा, अरीश, तालिब, सभासद करीम सोनू सहित अन्य शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

