September 18, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • देवप्रयाग के टॉपर विद्यार्थियों से मिले मुख्य सचिव, तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की दी सीख

देवप्रयाग के टॉपर विद्यार्थियों से मिले मुख्य सचिव, तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने की दी सीख

By on September 18, 2026 0 4 Views

देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में विधायक विनोद कंडारी के नेतृत्व में भारत भ्रमण पर निकले देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी और टॉपर विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर संवाद किया और अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

मेहनत का कोई विकल्प नहीं

मुख्य सचिव ने कहा कि जीवन में सफलता का कोई छोटा रास्ता नहीं है। किसी भी क्षेत्र में लक्ष्य हासिल करने के लिए मेहनत और लगन जरूरी है। विद्यार्थियों ने पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन अपनी मेहनत के बल पर किया है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और लगातार सीखते रहने के लिए प्रेरित किया।

तकनीक का करें सदुपयोग

आनंद बर्द्धन ने कहा कि तकनीक तेजी से बदल रही है। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए तकनीकी रूप से सक्षम और समय के साथ खुद को अद्यतन रखना जरूरी है। उन्होंने मोबाइल फोन और तकनीक के सदुपयोग की सलाह देते हुए कहा कि इसके फायदे और नुकसान दोनों हैं, इसलिए विद्यार्थियों को इसके दुष्प्रभावों से बचना चाहिए।

माता-पिता और शिक्षकों से साझा करें परेशानी

मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों से कहा कि यदि जीवन में कोई गलती हो या किसी परेशानी का सामना करना पड़े तो उसे माता-पिता, शिक्षकों या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से जरूर साझा करें। उन्होंने कहा कि बच्चों में तनाव और अवसाद जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में संवाद बनाए रखना बेहद जरूरी है।

नशे से दूर रहने की सलाह

उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और मित्रों का चयन सोच-समझकर करने की सलाह दी। कहा कि कई बार बच्चे दोस्तों के दबाव में गलत आदतों का शिकार हो जाते हैं। पढ़ाई के साथ संगीत, खेल और अपनी रुचि की अन्य गतिविधियों से जुड़ना मानसिक तनाव कम करने में सहायक हो सकता है।

लक्ष्य पर रखें पूरा ध्यान

मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों से कहा कि वे स्वयं पर भरोसा रखें और जीवन में जो लक्ष्य निर्धारित करें, उस पर पूरी मेहनत के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि भारत भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को नई जगहों, संस्कृतियों और लोगों को समझने का अवसर मिलेगा। इस अनुभव को सीखने और यादगार बनाने का प्रयास करें।

अन्य क्षेत्रों में भी हो ऐसी पहल

मुख्य सचिव ने विधायक विनोद कंडारी की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसी पहल अन्य क्षेत्रों में भी शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार भी विद्यालयी और उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों को भारत भ्रमण कराने के लिए प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर विधायक विनोद कंडारी, सचिव डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, ज्योति यादव, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, अपर सचिव नमामि बंसल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थी मौजूद रहे।