September 13, 2026
Breaking News
  • Home
  • उत्तराखण्ड
  • कालाढूंगी में शांतिपूर्ण ढंग संपन्न हुआ मतदान। मतदाताओं ने दिखाई रुचि। कमिश्नर व डीआईजी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण।

कालाढूंगी में शांतिपूर्ण ढंग संपन्न हुआ मतदान। मतदाताओं ने दिखाई रुचि। कमिश्नर व डीआईजी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण।

By on February 15, 2022 0 343 Views

कालाढूंगी। कालाढूंगी विधानसभा में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हो गया। यहां प्रातः 8 बजे से मतदान शुरू हुआ। कालाढूंगी क्षेत्र के पूरनपुर में शुरू में ही ईवीएम में कुछ खराबी आने से आधा घंटा मतदान बाधित रहा। कालाढूंगी विधानसभा में सभी 217 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ। जिसमें हल्द्वानी क्षेत्र 160 तो कालाढूंगी क्षेत्र 57 मतदान केंद्र शामिल हैं। कई मतदान केंद्रों पर सांय 3 बजे तक ही भीड़ रही तो कहीं देर शाम तक मतदान करने वालों की लाइन लगी रही।
यहां कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, डीआईजी नीलेश आनंद भरणे मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इधर जिला निर्वाचन अधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल के निर्देशन में कालाढूंगी निर्वाचन अधिकारी रेखा कोहली, सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रियंका रानी, श्याम कुमार अनुरागी, सर्विलांस टीम में शामिल प्रतिभा कोहली, सेक्टर मजिस्ट्रेट अखिलेश वर्मा ने लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर स्थिति पर पैनी नजर बनाए रखी। इधर सुरक्षा की दृष्टि से थानाध्यक्ष राजवीर सिंह नेगी अपनी पुलिस टीम के साथ मुस्तेद दिखाई दिए। वहीं एसएसबी, आईटीबीपी, होमगार्ड, आशा, आंगनबाड़ी, एनएसएस विद्यार्थी भी मतदान संपन्न कराने की व्यवस्था में जुटे रहे। शाम 6 बजे तक लगभग 68 प्रतिशत मतदान हो चुका था, जबकि कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान करने वालों की लाइन लगी हुई थी।।
फोटो। कालाढूंगी में मतदान केंद्र का निरीक्षण करते कमिश्नर दीपक रावत व डीआईजी भरणे।

कालाढूंगी विधानसभा में ब्लाक कोटाबाग के जललियागांव निवासी प्रेम बल्लभ पांडे की पुत्री पूजा ने पहले मतदान किया। उसके बाद फिर पति के साथ फेरे लिए। पहले से ही निर्धारित तिथि मतदान के दिन हल्द्वानी से पूजा की बारात कोटाबाग पहुंची थी। पूजा विवाह के जोड़े में सजी हुई अपने मतदय स्थल राबाइंका कोटाबाग पहुंची, जहां उसने अपने मत का प्रयोग किया।
प्रत्याशियों ने भी किया मतदान।
कालाढूंगी से वर्तमान विधायक एवं भाजपा प्रत्याशी बंशीधर भगत ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के ब्लाक हल्द्वानी ऑफिस बने मतदान केंद्र में, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी महेश शर्मा ने हिम्मतपुर तल्ला हल्द्वानी में, तो बसपा प्रत्याशी सुंदर लाल आर्या ने सूर्याजाला मतदान केंद्र में अपने मत का प्रयोग किया। इधर सभी प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के प्रति आश्वस्त दिखाई दिए।