September 13, 2026
Breaking News
  • Home
  • उत्तराखण्ड
  • चंपावत में सीएम धामी ने भरी हुंकार,कहा- ऐतिहासिक जीत दिलाने को जनता तैयार, विकास का हर सपना मैं करूंगा साकार

चंपावत में सीएम धामी ने भरी हुंकार,कहा- ऐतिहासिक जीत दिलाने को जनता तैयार, विकास का हर सपना मैं करूंगा साकार

By on May 28, 2022 0 190 Views

चम्पावत। चम्पावत में 31 मई को होने जा रहे उप चुनाव के लिए प्रचार करीब करीब आखिरी दौर में दाखिल हो चुका है। लिहाजा चुनाव प्रचार भी पूरे शबाब पर पहुंच चुका है।

इसी कड़ी में शुक्रवार को चुनाव प्रचार करने चंपावत पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जिला मुख्यालय के नजदीक स्तिथ  ग्राम ढकना बडोला में जनसभा की। इस दौरान सीएम धामी ने वहां मौजूद लोगों से कहा कि आप सभी का धन्यवाद करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। आप लोगों का प्रेम देखकर अब मुझे पूर्ण विश्वास हो गया है कि मैं अवश्य जीत हासिल करूँगा। मुख्यमंत्री ने जनता से उपचुनाव में उन्हें भारी मतों से जीत दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उपचुनाव वे नहीं विधानसभा क्षेत्र की जनता लड़ रही है। जनता ने उन्हें रिकार्ड तोड़ जीत दिलाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद वे जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।धामी ने कहा कि मैं चम्पावत की पावन धरा पर इसलिए आया हूं कि वह चम्पावत की मूलभूत सुविधाओं की आवयश्कताओं को पूरा कर विकास की दृष्टि से चम्पावत का कायाकल्प कर सकूं।

 

सीएम धामी ने  कहा कि लोगों का मुझसे  कहना है कि आप जीत रहे हैं और आपको आने की जरूरत नहीं है लेकिन फिर भी मैं लगातार लोगों से मिलने पहुंच रहा हूं और चुनाव तक विधानसभा क्षेत्र में ही रहूंगा। सीएम धामी ने कहा है कि ‘मैं एक सैनिक का पुत्र हूं और एक सैनिक पुत्र होने के नाते मैंने सदैव अनुशासन सीखा है। मुझे जो भी काम मिलता है, उसे मैं पूरा करता हूं। उन्होंने कहा कि भविष्य में यहां बहुत कार्य करने हैं।  क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं और विचार बन रहा है कि यहां कुमाऊँ विश्वविद्यालय का एक कैंपस खोला जाए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यवस्था कर दी है कि अब महिलाओं को दूर नौले खोलों से सिर पर पानी रख कर नहीं लाना होगा। हर घर नल , हर घर जल योजना के तहत सभी घरों तक पानी पहुंचाया जा रहा है। सीएम ने बताया कि चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में काफी कार्य होने हैं। उन्हें पूरा किया जाएगा। एक मौन पालन केंद्र भी खोला जाएगा। मुख्यमंत्री ने  लोगों से 31 मई को अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचने की अपील भी की। साथ ही ये भी  कहा कि ये बिल्कुल भी नहीं सोचना है कि धामी तो जीत ही रहे हैं। हमारे वोट से क्या फर्क पड़ता है। ऐसा न सोचना और न करना  है, हर एक  को वोट डालने जाना है। उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं और बाकि सभी  से  31 मई की सुबह सात से 10 बजे तक अपना वोट डाल देने और वोट कमल के सामने वाला बटन दबा कर देने की अपील भी की। इस मौके पर  सीएम धामी ने महिलाओं को साल में तीन सिलेंडर निशुल्क दिए जाने की योजना के बारे में भी जानकारी दी।

 

जनसभा को निवर्तमान विधायक कैलाश गहतोड़ी, कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास ने भी संबोधित किया। सभी ने जनता से  मुख्यमंत्री  धामी के पक्ष में ज्यादा से ज्यादा वोट  डालकर सीएम धामी को ऐतिहासिक जीत दिलाने की अपील की।