मुख्य सचिव ने की परेड ग्राउंड और सचिवालय पार्किंग परियोजनाओं की समीक्षा, परेड ग्राउंड के नीचे बनेगी अंडरग्राउंड पार्किंग
देहरादून। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में परेड ग्राउंड और सचिवालय परिसर में प्रस्तावित अंडरग्राउंड पार्किंग परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में परेड ग्राउंड के नीचे बनने वाली अंडरग्राउंड पार्किंग के डिजाइन पर प्रस्तुतीकरण दिया गया, जिस पर मुख्य सचिव ने कई महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए परियोजना को शहर की भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि परेड ग्राउंड में अंडरग्राउंड पार्किंग के निर्माण के साथ ही परेड ग्राउंड और गांधी पार्क को जोड़ते हुए बिना किसी नए स्थायी निर्माण के एक बड़ा खुला हरित क्षेत्र विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि दोनों स्थलों को एकीकृत कर शहर को बेहतर सार्वजनिक ओपन स्पेस उपलब्ध कराया जा सकता है।
उन्होंने पार्किंग क्षमता बढ़ाने के लिए डबल बेसमेंट पार्किंग विकसित करने की संभावना पर भी कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पार्किंग में अधिक से अधिक प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएं, ताकि लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा हो और सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर बनी रहे।
मुख्य सचिव ने परियोजना को एक समग्र विकास योजना के रूप में तैयार करने और अंतिम रूप देने से पहले सभी संबंधित पक्षों से परामर्श (स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन) करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देहरादून की बढ़ती आबादी और यातायात को देखते हुए पार्किंग और सार्वजनिक सुविधाओं का विकास दीर्घकालिक जरूरतों के अनुसार होना चाहिए।
बैठक में सचिवालय परिसर के भीतर प्रस्तावित अंडरग्राउंड पार्किंग के डिजाइन पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा राजपुर रोड पर एलिवेटेड पार्किंग विकसित करने के प्रस्ताव पर मुख्य सचिव ने विस्तृत डिजाइन तैयार कर प्रस्तुतीकरण देने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव लोक निर्माण विभाग डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

