खटीमा में मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लोहियाहेड हेलीपैड स्थित कैंप कार्यालय में जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा सरकार का मूल उद्देश्य है और आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर प्रभावी समाधान करने को कहा, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। शासन-प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब आम नागरिक को उसकी समस्या का शीघ्र और संतोषजनक समाधान मिले। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं पर भी चर्चा की और विकास कार्यों को गति देने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सामाजिक कल्याण योजनाओं के तहत 27 दिव्यांगजनों को 77 सहायक उपकरण तथा 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें 11 बैटरी रिक्शा, 14 व्हीलचेयर, 18 कमोड चेयर, 6 ट्राई साइकिल, 24 हियरिंग मशीन, 40 नी-ब्रेस, बैसाखियां, वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन और सीपी चेयर शामिल हैं।
इसके अलावा ग्रामोत्थान रीप योजना के अंतर्गत नारी शक्ति ग्राम संगठन गदरपुर एवं सत्यमेव जयते सीएलएफ बाजपुर को बोलेरो वाहन तथा एकता सीएलएफ गदरपुर को फूड वैन की चाबी भी सौंपी गई।
कार्यक्रम में दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

