Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • सरस मेले में ऐपण की धूम, स्थानीय उत्पादों को मिल रहा बेहतर बाजार

सरस मेले में ऐपण की धूम, स्थानीय उत्पादों को मिल रहा बेहतर बाजार

By on August 25, 2026 0 10 Views

रामनगर। रामनगर में आयोजित सरस मेले में पहाड़ की लोक कला और संस्कृति की खूबसूरत झलक देखने को मिल रही है। मेले में स्वयं सहायता समूहों के साथ-साथ विभिन्न सरकारी विभागों ने भी अपने स्टाल लगाए हैं। खास बात यह है कि स्थानीय कला से जुड़े उत्पाद लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं।

स्वयं सहायता समूहों के स्टालों पर खासतौर पर ऐपण कला से सजे उत्पादों की धूम देखने को मिल रही है। रक्षाबंधन का पर्व नजदीक होने के चलते ऐपण से सजी राखियां लोगों की खास पसंद बनी हुई हैं।
इसके अलावा ऐपण वाली नेम प्लेट, थर्मस, छन्नी, थालियां, लोटे और अन्य घरेलू उपयोग के सामान भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। पारंपरिक पहाड़ी कला से सजे इन उत्पादों के जरिए स्थानीय संस्कृति को भी एक नई पहचान मिल रही है।

सरस मेले में स्टाल लगाने को लेकर स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी काफी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि ऐसे मेले उन्हें अपने उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने का अच्छा अवसर देते हैं।

वहीं, मेले में पहुंच रहे लोग भी स्थानीय उत्पादों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि इन उत्पादों के माध्यम से जहां पहाड़ की पारंपरिक कला और संस्कृति से जुड़ने का मौका मिल रहा है, वहीं स्थानीय महिलाओं के स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिल रहा है।