November 25, 2026
Breaking News
  • Home
  • अन्य
  • इफ्फी 2026 में प्रसार भारती की पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब के विजेताओं की घोषणा, ‘मिर्ची केक’ को मिला पहला पुरस्कार

इफ्फी 2026 में प्रसार भारती की पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब के विजेताओं की घोषणा, ‘मिर्ची केक’ को मिला पहला पुरस्कार

By on November 25, 2026 0 2 Views

देहरादून। उभरते फिल्म लेखकों और कहानीकारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से प्रसार भारती ने 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) 2026 में अपनी पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब ‘पेज से पिच तक’ के विजेताओं की घोषणा की है। पणजी की कला अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में अविशेष झा की स्क्रिप्ट ‘मिर्ची केक’ को प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं सत्य व्यास की ‘संहार’ को दूसरा और जितेश ठाकुर की ‘शरद पूर्णिमा’ को तीसरा स्थान मिला।

प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी की परिकल्पना पर आधारित इस पहल का उद्देश्य देशभर के उभरते लेखकों को अपनी मौलिक कहानियां प्रस्तुत करने के लिए राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। इस प्रतियोगिता को महज दस दिनों में करीब एक हजार स्क्रिप्ट प्राप्त हुईं, जो युवाओं में कहानी लेखन और फिल्म निर्माण के प्रति बढ़ते रुझान को दर्शाता है।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले अविशेष झा को पांच लाख रुपये, दूसरे स्थान पर रहे सत्य व्यास को तीन लाख रुपये और तीसरा पुरस्कार जीतने वाले जितेश ठाकुर को दो लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।

इसके अलावा चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 50-50 हजार रुपये के विशेष उल्लेख पुरस्कार दिए गए। वहीं सातवें से दसवें स्थान तक के प्रतिभागियों को प्रशंसा-पत्र और शीर्ष 30 चयनित लेखकों को भागीदारी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव पृथुल कुमार और एनएफडीसी के प्रबंध निदेशक धीरज सिंह मौजूद रहे। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को पहचानना और उनकी मौलिक कहानियों को फिल्म उद्योग तक पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण है।

21 से 23 नवंबर तक आयोजित इस स्क्रिप्ट पिचिंग लैब में चयनित दस प्रतिभागियों ने प्रतिष्ठित जूरी के सामने अपनी मौलिक पटकथाएं प्रस्तुत कीं। जूरी में अभिनेता एवं राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता मनोज जोशी सहित फिल्मकार, लेखक और फिल्म समीक्षक शामिल रहे।

प्रसार भारती की यह पहल अब वार्षिक आयोजन के रूप में आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि देश के प्रतिभाशाली कहानीकारों को फिल्म उद्योग के विशेषज्ञों से जुड़ने और अपनी कहानियों को फीचर फिल्म, डॉक्यूमेंट्री तथा लघु फिल्मों के रूप में पर्दे तक पहुंचाने का अवसर मिल सके।