October 27, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • मुस्लिम समाज ने काली पट्टी बांधकर किया पहलगाम हमले का विरोध, मृतकों को दी श्रद्धांजलि, सरकार से की आतंकियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग

मुस्लिम समाज ने काली पट्टी बांधकर किया पहलगाम हमले का विरोध, मृतकों को दी श्रद्धांजलि, सरकार से की आतंकियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग

By on April 26, 2025 0 263 Views

देहरादून: पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में मसूरी में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने काली पटटी बांधकर नमाज पढ़ी. साथ ही मुस्लिम समाज के लोगों ने आतंकवादियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं खटीमा में भी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रैली निकालकर आक्रोश जताया और आतंकियों पर सख्त एक्शन लेने की मांग की.

मसूरी में मुस्लिम समुदाय के लोग मस्जिदों पर इकट्ठा हुए और काली पट्टी बांधकर नमाज अदा की. पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए 27 लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा. इस मौके पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ नारे भी लगाए. मुस्लिम समुदाय नें केन्द्र सरकार से आतंकी संगठन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने सरकार से इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को ना बख्शने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि इस तरह के कृत्यों से गंभीरता से निपटा जाना चाहिए और अपराधियों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस तरह की आतंकी घटनाओं का उद्देश्य देश में रहने वाले हिंदुओं और मुसलमानों के बीच सौहार्द को बिगाड़ना है.

खटीमा में भी लोगों में खासा आक्रोश

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में 27 पर्यटकों की मौत के बाद देश भर में पाकिस्तान व आतंकवादियों के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश है. खटीमा में भी शुक्रवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया. जामा मस्जिद से मुख्य चौक तक जुलूस निकाल कर खटीमा चौराहे में पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने की मांग की. जामा मस्जिद खटीमा के प्रशासक कामिल खान के नेतृत्व में पाकिस्तान के खिलाफ नारे लगाकर आतंकवादियों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने की मांग की.