October 21, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • रावण दहन कर CM धामी ने दिया बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश

रावण दहन कर CM धामी ने दिया बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश

By on October 21, 2026 0 6 Views

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हिंदू नेशनल कॉलेज में आयोजित दशहरा मेले में रावण दहन कर बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया। लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कैबिनेट मंत्री खजान दास भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है, जो सत्य, धर्म और न्याय की स्थापना का संदेश देता है। रावण दहन हमें अपने भीतर मौजूद अहंकार, क्रोध, लोभ और नकारात्मक प्रवृत्तियों को त्यागकर सदाचार अपनाने की प्रेरणा देता है। यह पर्व सिखाता है कि अधर्म और अन्याय चाहे कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य की ही होती है।

उन्होंने भगवान राम के जीवन और आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन मर्यादा, त्याग, करुणा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। भगवान राम ने अपने आचरण से सिखाया कि कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म के मार्ग पर अडिग रहना चाहिए। उनके आदर्श परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की सीख देते हैं।

धामी ने कहा कि दशहरा मेले जैसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं और पौराणिक प्रसंगों से जोड़ते हैं। ऐसे कार्यक्रम सामाजिक मेल-जोल बढ़ाने और जनसहभागिता को प्रोत्साहित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने लक्ष्मण चौक वेलफेयर सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पर्वों के संदेश को सार्थक बनाने के लिए भारतीय संस्कृति के मूल्यों को अपने व्यवहार में अपनाना जरूरी है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और आयोजन से जुड़े लोग उपस्थित रहे।