October 2, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का पुतला फूंका

बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का पुतला फूंका

By on May 18, 2026 0 70 Views

रामनगर। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और रसोई गैस समेत आवश्यक वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों के विरोध में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक रणजीत रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रानीखेत रोड पर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सड़कों पर उतरे। “डीजल-पेट्रोल की बढ़ी कीमतें वापस लो”, “बहुत हुई महंगाई की मार, बस करो भाजपा सरकार” और “हमें लौटा दो पुराने दिन” जैसे नारों के साथ कार्यकर्ताओं ने अपना आक्रोश व्यक्त किया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी का घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है और जनता आर्थिक संकट से जूझ रही है। इस मौके पर पूर्व विधायक रणजीत रावत ने कहा कि भाजपा ने जनता से अच्छे दिनों का वादा किया था, लेकिन आज आम आदमी महंगाई की मार से परेशान है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल, खाद्य तेल और अन्य जरूरी सामानों की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का जीवन कठिन होता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार केवल दिखावटी राजनीति कर रही है और जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी आने वाले दिनों में बड़ा जन आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष भुवन शर्मा, देशबंधु रावत, ओम प्रकाश, ललिता उपाध्याय, दीप्ति भारद्वाज, ममता आर्या सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।