October 30, 2026
Breaking News

वसीम रिजवी उर्फ जितेंद्र त्यागी के खिलाफ FIR दर्ज

By on December 24, 2021 0 306 Views

हरिद्वार:  खड़खड़ी स्थित वेद निकेतन आश्रम में आयोजित तीन दिवसीय धर्म संसद में दिए गए भड़काऊ भाषण सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इसके बाद उत्तराखंड पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जितेन्द्र नारायण सिंह त्यागी (वसीम रिजवी) समेत कई अन्य लोगों के खिलाफ धारा 153ए में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ज्वालापुर के रहने वाले गुलबहार खान की ओर से धर्म संसद को लेकर हरिद्वार कोतवाली में एक तहरीर गई दी है। जिसमें वसीम रिजवी के भड़काऊ भाषण देने और कथित तौर पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया है।

आपको बता दें कि हरिद्वार में तीन दिनों तक चली धर्म संसद में कथित तौर पर मुसलमानों के खिलाफ नफरत भरे भाषण दिए गए थे। इसके गुरुवार को सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है और कार्रवाई की मांग तेज हो गई थी। इस धर्म संसद का आयोजन 17 से 19 दिसंबर के बीच किया गया था, जिसमें कई संतों के अलावा बीजेपी नेता अश्विनी उपाध्याय भी शामिल हुए थे। वीडियो वायरल होने के बाद आरटीआई कार्यकर्ता और तृणमूल कांग्रेस साकेत गोखले ने ट्वीट करके बताया था कि उन्होंने ज्वालापुर पुलिस स्टेशन में एसएचओ को शिकायत दी है। उन्होंने लिखा, ”24 घंटे में आयोजकों और वक्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज न करने पर न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष वाद किया जाएगा।” इस सम्मेलन का आयोजन यति नरसिंहानंद की ओर से किया गया था।