तीन दिवसीय कॉर्बेट लिटरेचर फेस्टिवल का हुआ समापन, , जुबिन नौटियाल की मौजूदगी से खास बना समापन समारोह
रामनगर। रामनगर में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ओर से आयोजित तीन दिवसीय कॉर्बेट लिटरेचर फेस्टिवल का गोल्डन टस्क रिजॉर्ट में समापन हो गया। फेस्टिवल के दौरान हिमालय, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण जैसे अहम मुद्दों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।
देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पर्यावरणविदों, वन्यजीव विशेषज्ञों और वाइल्डलाइफ फोटोग्राफरों ने प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। आयोजन का उद्देश्य साहित्य और प्रकृति को एक मंच पर लाने के साथ पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण को लेकर जागरूकता और सार्थक संवाद को बढ़ावा देना रहा।
फेस्टिवल के अंतिम दिन प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल भी कार्यक्रम में पहुंचे। उनकी मौजूदगी ने आयोजन में खास रंग भर दिया। वहीं पर्यावरणविद् विजय धस्माना समेत कई विशेषज्ञों ने पर्यावरण संरक्षण की चुनौतियों और उनके समाधान पर चर्चा की।
तीन दिनों तक चले इस आयोजन में प्रकृति, साहित्य और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद हुआ। आयोजकों का कहना है कि ऐसे मंचों के जरिए पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विचारों और संदेशों को स्थानीय स्तर से लेकर देश-दुनिया तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

