October 24, 2026
Breaking News

कॉर्बेट फाल में डूबे 2 छात्र। 01 मिला 01 की तलाश जारी।

By on May 15, 2022 0 260 Views

कालाढूंगी। नयागांव स्थित कॉर्बेट फाल में दो छात्रों के डूबने से हडक़ंप मच गया। फॉल में दो छात्रों के डूबने की खबर मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी अमित ग्वासाकोटी अपने तमाम वन कर्मी एवं थानाध्यक्ष राजवीर सिंह नेगी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों व एसडीआरएफ के जवानों द्वारा काफी खोजबीन की गई, लेकिन एक छात्र का कोई सुराग नहीं लग सका। जानकारी के अनुसार द्रोण फार्मेसी कॉलेज रुद्रपुर के छात्रों का एक ग्रुप कॉर्बेट फॉल घूमने आया था। बताया जा रहा है जिसमें से दो छात्र
रिक्की मंडल (23) व अभिजीत अधिकारी (20) फॉल के पानी में नहाने उतर गए। किसी की नजर पानी में बेसुध पड़े रिक्की मंडल पर पड़ी तो अफरा तफरी का माहौल बन गया। किसी पर्यटक के वाहन में उसको बाजपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कॉलेज स्टाफ द्वारा सभी छात्रों की संख्या को चैक किया गया तो एक अन्य छात्र अभिजीत अधिकारी नहीं मिल सका। फॉल के पास दोनों के बैग व जूतों को देखकर अनुमान लगाया गया कि अभिजीत भी पानी में डूबा हुआ है। पुलिस द्वारा नैनीताल एसडीआरएफ को सूचना दी गयी। बहरहाल जबतक एसडीआरएफ के जवान पहुंचे तबतक स्थानीय लोगों में शंकर शर्मा, कुंदन नेगी, नीरज कम्बोज, जमन सिंह ने काफी खोजबीन की मगर कोई पता नहीं चल सका। उसके बाद नैनीताल से एसडीआरएफ की टीम ने पानी में खोजबीन, अब आज सोमवार को खोजबीन की जाएगी।

पहले भी हो चुकी हैं कई मौतें।
कालाढूंगी। रामनगर वन प्रभाग के कालाढूंगी रेंज में पड़ने वाले कॉर्बेट फॉल में काफी ऊपर से पानी गिरने के कारण यहां नहाने पर अबतक कई लोगों के डूबने से मौतें हो चुकी हैं। 2014 में दो लोगों की मौत के बाद से वन विभाग ने फॉल में नहाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगे हैं तो टिकट काउंटर पर भी लोगों से नहाने को मना किया जाता है, उसके बाद भी कई लोग पानी में उतर जाते हैं।