September 16, 2026
Breaking News
  • Home
  • राजनीति
  • मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिवस पर रामनगर में सेवा और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन

मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिवस पर रामनगर में सेवा और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन

By on September 16, 2026 0 6 Views

रामनगर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व सैनिक इंदर रावत के नेतृत्व में रामनगर क्षेत्र में विभिन्न सेवा और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

कार्यक्रम की शुरुआत गौशाला में गौमाता को चारा वितरण से हुई। इसके बाद सरकारी अस्पताल में भर्ती अस्वस्थ एवं जरूरतमंद मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना को लेकर हवन-पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किया गया। इस दौरान श्री श्री 108 महामंडलेश्वर मोहनानंद दास जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने हवन में शामिल होकर मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए मंगलकामना की।

इसके बाद मां गर्जिया के प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में यूएसआर बसई दिव्यांग विद्यालय पहुंचकर दिव्यांग बच्चों के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिवस मनाया गया। बच्चों के बीच केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं।

इस दौरान रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट समेत भाजपा के विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी, ज्येष्ठ एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर इंदर रावत ने सभी भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सहयोगियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित सेवा एवं धार्मिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए।