October 31, 2026
Breaking News
  • Home
  • देश विदेश
  • केजरीवाल को पुलिस ने ऑटो में बैठने से रोका, केजरीवाल बोले – ‘नहीं चाहिए सिक्योरिटी, ले जाइए’, आपके नेता जनता मे नहीं जाते, हम जा रहे तो आप रोक रहे हो : VIDEO

केजरीवाल को पुलिस ने ऑटो में बैठने से रोका, केजरीवाल बोले – ‘नहीं चाहिए सिक्योरिटी, ले जाइए’, आपके नेता जनता मे नहीं जाते, हम जा रहे तो आप रोक रहे हो : VIDEO

By on September 13, 2022 0 188 Views

अहमदाबाद : दिल्ली के मुख्यमंत्री गुजरात दौरे पर हैं। गुजरात विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (AAP) राज्य में चुनाव प्रचार में जुटी है। इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और गुजरात पुलिस में उस वक्त नोंकझोंक हो गई, जब वह ऑटो से जा रहे थे। दरअसल, पुलिस ने सुरक्षा का हवाला देते हुए केजरीवाल को ऑटो से जाने से रोक दिया। इसके बाद अरविंद केजरीवाल और पुलिस के बीच कुछ देर तक बहस हुई। अरविंद केजरीवाल अहमदाबाद में अपने होटल से एक ऑटो वाले के यहां ऑटो में बैठकर रात्रि भोजन के लिए जा रहे थे।  केजरीवाल और पुलिस के बीच बहस का वीडियो सामने आया है। वीडियो में सुना जा सकता है कि सीएम केजरीवाल कह रहे हैं कि हमें नहीं चाहिए आपकी सिक्योरिटी, ले जाइए अपनी सिक्योरिटी, आप मुझे जबरदस्ती सुरक्षा दे रहे हैं, मुझे नहीं चाहिए ये सुरक्षा, आप मुझे कैद कर रहे हैं, मैं जनता का आदमी हूं, हमें सुरक्षा नहीं चाहिए। हालांकि, बाद में अरविंद केजरीवाल ऑटो चालक के घर की तरफ निकले। ऑटो में पुलिस भी साथ गई।

 

ऑटो चालक ने अपने घर रात्री भोजन के लिए आमंत्रित किया था

बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने आज दिन में ऑटो चालकों के साथ संवाद किया था। इस दौरान एक ऑटो चालक ने उन्हें अपने घर पर रात्री भोजन के लिए आमंत्रित किया था, जिसे केजरीवाल ने स्वीकार कर लिया था। ऑटो चालक के घर डिनर के लिए केजरीवाल ने रात 8:00 बजे का समय तय किया था। इस दौरान गुजरात पुलिस ने अरविंद केजरीवाल को सुरक्षा का हवाला देते हुए ऑटो में बैठकर जाने से रोका, तभी केजरीवाल और गुजरात पुलिस में नोंकझोंक हो गई।

केजरीवाल को रोके जाने को लेकर सिसोदिया का बीजेपी पर निशाना

केजरीवाल को रोके जाने को लेकर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट किया, “जनता के नेता को जनता के बीच जाने से रोक रहे है बीजेपी वाले…अरविंद केजरीवाल जी के जनता में जाने से इतना डर है बीजेपी को…” वहीं, आप राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, ”ये कैसी दादागिरी है? तीन बार के निर्वाचित मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी को एक ऑटो वाले के घर नहीं जाने दिया जा रहा। ये हताशा बता रही है, गुजरात में BJP हार रही है।”

केजरीवाल ने आज गुजरात के ऑटोरिक्शा चालकों से किया था संवाद 

गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को गुजरात के ऑटोरिक्शा चालकों से वादा किया कि वह उन्हें उत्पीड़न से बचाने और भ्रष्टाचार को रोकने के लिए उनकी दहलीज तक क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) की सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक गुजरात के अहमदाबाद शहर में ऑटोरिक्शा चालकों की एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि ऑटोरिक्शा चालकों ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में उनकी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने चालकों से अनुरोध किया कि वे दिल्ली की तरह यहां भी अपने यात्रियों के बीच और सोशल मीडिया के जरिए आप का प्रचार-प्रसार करें।